केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे ने की मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रगति की समीक्षा

गंगटोक : अपने दो दिवसीय आधिकारिक सिक्किम दौरे के दूसरे दिन केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे ने आज गंगटोक में निर्माणाधीन पीएम एकता मॉल और हेलेन लेप्चा गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज की प्रगति की समीक्षा की।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने सबसे पहले गंगटोक के मनन केंद्र के ऊपर स्थित प्रस्तावित पीएम एकता मॉल (यूनिटी मॉल) का निरीक्षण किया। वहां पहुंचने पर भवन एवं आवास विभाग के पीसीई सह सचिव चंद्र विजय बसनेत, पीसीई वाईएन गौतम सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

पीएम एकता मॉल परियोजना की घोषणा केंद्रीय बजट 2023-24 में की गई थी। करीब 106 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाली इस परियोजना का उद्देश्य देशभर के पारंपरिक उत्पादों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इस मॉल में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, भौगोलिक संकेतक (जीआइ)र् उत्पाद, हथकरघा, हस्तशिल्प और अन्य पारंपरिक वस्तुओं को बढ़ावा दिया जाएगा।

बताया गया कि शत-प्रतिशत केंद्रीय सहायता से कार्यान्वित यह परियोजना 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है। निर्माण लागत केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को 50 वर्षों की अवधि में चुकाए जाने वाले ब्याज मुक्त ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संबंधित राज्य सरकार की है।

इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने सिच्‍चे स्थित हेलेन लेप्चा गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज की प्रगति का भी जायजा लिया। यह सिक्किम का पहला सरकारी मेडिकल कॉलेज है। शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद यहां हर वर्ष 100 एमबीबीएस छात्रों को प्रवेश दिए जाने की संभावना है। इससे सिक्किम और पूर्वोत्तर क्षेत्र के मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध होंगे। मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य राज्य में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाना भी है।

कॉलेज पहुंचने पर एसटीएनएम अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ रूथ योंजन, मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर सह डीन डॉ बिक्रम खड़का, प्रोफेसर सह एसोसिएट डीन डॉ कर्मा लोदे भूटिया, एसटीएनएम अस्पताल के निदेशक डॉ डीबी बिष्ट और सहायक मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ चिंतामणि शर्मा ने उनका स्वागत किया। वहां, निरीक्षण के दौरान मंत्री करंदलाजे ने मेडिकल कॉलेज के लेक्चर थिएटर और काउंसिल रूम का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों और फैकल्टी सदस्यों से बातचीत कर संस्थान की प्रगति, सुविधाओं और आगामी तैयारियों की जानकारी ली।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पीएम एकता मॉल जैसी परियोजनाएं स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक उद्योगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। वहीं, मेडिकल कॉलेज राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम साबित होगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics