गंगटोक : सिक्किम में रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर भाजपा सिक्किम ने पहल करते हुए गुरुवार को माजीटार स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के इंडेन बॉटलिंग प्लांट का दौरा किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डीआर थापा के निर्देश पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आपूर्ति में आ रही बाधाओं और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर कंपनी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सांगे ग्याछो भूटिया ने किया। उनके साथ प्रदेश सचिव तथा भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ललित पोखरेल भी मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने प्लांट के सहायक प्रबंधक अजय कुमार से मुलाकात कर राज्यभर में उत्पन्न गैस संकट के कारणों और समाधान पर चर्चा की। बैठक के दौरान प्लांट प्रबंधन ने बताया कि माझीटार संयंत्र सिक्किम के सभी 22 एलपीजी वितरकों को गैस की आपूर्ति करता है। इनमें से चार वितरक विशेष रूप से राज्य में तैनात रक्षा बलों की आवश्यकताओं को पूरा करते हैं।
भाजपा नेताओं ने हाल के दिनों में आपूर्ति की मात्रा में आई कमी, उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों तथा डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) और केवाईसी प्रक्रिया को लेकर उत्पन्न भ्रम के मुद्दे उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लोगों को रसोई गैस जैसी बुनियादी जरूरत के लिए लंबी कतारों और जटिल प्रक्रियाओं का सामना नहीं करना चाहिए। पार्टी नेताओं के हस्तक्षेप के बाद प्लांट प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि सिक्किम में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। मांग बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त समय तक प्लांट संचालित कर बैकलॉग को दूर किया जाएगा। साथ ही आपात परिस्थितियों या परिवहन संबंधी बाधाओं से निपटने के लिए पर्याप्त बैकअप स्टॉक भी उपलब्ध रखा गया है।
भाजपा सिक्किम ने कहा कि वह राज्य के नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार सक्रिय रहेगी और जनता की सुविधा तथा कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाती रहेगी। पार्टी ने विश्वास जताया कि कंपनी प्रबंधन के आश्वासन के बाद राज्य में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति जल्द सामान्य होगी।
No Comments: