सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता ने जीता भूमि पेडनेकर का दिल

'सिक्किम में प्रकृति, संस्कृति और देशभक्ति का अद्भुत संगम'

गंगटोक : अभिनेत्री, पर्यावरण संरक्षण की पैरोकार और स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) की समर्थक भूमि पेडनेकर ने गुरुवार को सिक्किम के विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थलों नाथुला दर्रा, छांगू झील और बाबा हरभजन सिंह मंदिर का दौरा किया। पूर्वी हिमालय की गोद में बसे इन ऊंचाई वाले स्थलों की यात्रा के दौरान उन्होंने सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध विरासत और आध्यात्मिक महत्व की सराहना की।

दौरे के दौरान भूमि पेडनेकर ने कहा कि नाथुला दर्रे की भव्यता, छांगू झील की शांत सुंदरता और बाबा हरभजन सिंह मंदिर से जुड़ी प्रेरणादायक विरासत को करीब से देखना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने उन्हें सिक्किम में प्रकृति, संस्कृति और देशभक्ति के अनूठे संगम को समझने का अवसर प्रदान किया।

नाथुला दर्रे पर उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में तैनात भारतीय सेना के जवानों की प्रतिबद्धता और सेवा भावना की सराहना की। साथ ही क्षेत्र के पारिस्थितिक संतुलन और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।

सिक्किम सरकार के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों ने भारतीय सेना के सहयोग से इस यात्रा का समन्वय और मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर राज्य की विविध पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करने तथा सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन के प्रति सिक्किम की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने का अवसर मिला।

पर्यटन विभाग के अनुसार भूमि पेडनेकर की यह यात्रा देश-विदेश के पर्यटकों के बीच सिक्किम की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है। राज्य प्रकृति, संस्कृति, आध्यात्मिकता और साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है और बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics