पर्यटकों की पहली पसंद बनी डीएचआर, रिकॉर्ड कमाई के साथ रचा नया इतिहास

गंगटोक : पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अधीन यूनेस्को विश्व धरोहर पर्वतीय रेलवे-दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) ने अपनी सेवा के शुरुआत के बाद से एक महीने में अब तक का सर्वाधिक आय कर ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित किया है। मई 2026 में, डीएचआर ने 395.60 लाख रुपये की अभूतपूर्व आय हासिल की, जो मई 2025 में हासिल किए गए रिकॉर्ड 358.60 लाख रुपये आय से अधिक है। यह उपलब्धि देश-विदेश के पर्यटकों और रेलवे के शौकीनों के बीच इस हेरिटेज रेलवे की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।

पर्यटकों के लिए सबसे व्यस्त मौसम में यात्रियों की भारी संख्या के कारण रिकॉर्ड-तोड़ आय हुई है। यह आय खास तौर पर मशहूर हेरिटेज जॉय राइड्स और दार्जिलिंग की खूबसूरत पहाड़ियों में चलने वाली नियमित पैसेंजर सर्विस से हुई। बढ़ती मांग दुनिया भर में रेलवे की इस मशहूर छोटी लाइन के प्रति लोगों के निरंतर बढ़ते आकर्षण और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने व हेरिटेज टूरिज़्म को बढ़ावा देने में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की उपलब्धि को प्रदर्शित करती है।

पिछले पांच वर्षों में मई माह में आय का ग्राफ डीएचआर की ज़बरदस्त ग्रोथ को दिखाता है। वर्ष 2022 में 319.64 लाख रुपये, 2023 में 358.18 लाख, 2024 में 288.58 लाख, 2025 में 358.60 लाख और इस बार 2026 में रिकॉर्ड 395.60 लाख रुपये रही। यात्रियों की मांग काफी अधिक बढ़ी है, इसलिए उम्मीद है कि डीएचआर इस महीने भी यही तेज़ी बनाए रखेगा। मौजूदा बुकिंग ट्रेंड और ट्रैफ़िक पैटर्न के आधार पर, जून 2026 में रेवेन्यू के 370 लाख रुपये से ज़्यादा होने का अनुमान है। अगर ऐसा होता है, तो यह रेलवे जून माह के इतिहास में भी सर्वाधिक राजस्व देने वाले में से एक होगा।

यह ऐतिहासिक उपलब्धि यह दिखाती है कि दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे भारत के सबसे मशहूर हेरिटेज आकर्षणों में से एक के तौर पर कितना लोकप्रिय हो रहा है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे इस यूनेस्को विश्व धरोहर रेलवे की अनोखी विरासत को बचाने के साथ-साथ सर्विस की क्वालिटी, संरक्षा के मानकों और आगुंतकों के अनुभव को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजस्व में यह ज़बरदस्त प्रदर्शन दार्जिलिंग इलाके में पर्यटन को बढ़ावा देने और वहाँ के आर्थिक विकास में डीएचआर की अहम भूमिका को भी दिखाता है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics