जस्टिस मीनाक्षी मदन राई ने संभाली पटना हाईकोर्ट की कमान

किसी हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनने वाली पूर्वोत्तर भारत की पहली महिला जज बनीं

गंगटोक : न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राई ने 5 जून को पटना हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही वह पूर्वोत्तर भारत की पहली महिला बन गई हैं जिन्हें देश के किसी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

उन्होंने जस्टिस संगम कुमार साहू का स्थान लिया है, जो इस वर्ष की शुरुआत में सेवानिवृत्त हुए थे। न्यायमूर्ति राई की नियुक्ति को सिक्किम के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि और भारतीय न्यायपालिका में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सिक्किम के विधि समुदाय, न्यायिक अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं ने इस उपलब्धि का स्वागत करते हुए इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।

न्यायमूर्ति राई का न्यायिक सफर तीन दशक से अधिक पुराना है। वर्ष 1990 में वह सिक्किम की पहली महिला न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी-सह-सिविल जज बनी थीं। इसके बाद उन्होंने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सिक्किम हाईकोर्ट की रजिस्ट्रार जनरल तथा कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं।

वर्ष 2015 में वह सिक्किम हाईकोर्ट की पहली महिला न्यायाधीश बनी थीं। अब पटना हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति उनके गौरवशाली न्यायिक जीवन का एक और महत्वपूर्ण अध्याय माना जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में न्यायाधीशों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, सरकारी अधिकारियों तथा विधि समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उनकी नियुक्ति को देशभर की महिला विधि पेशेवरों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics