जमीनी कार्यकर्ता ही राजनीतिक आंदोलन की असली ताकत : गणेश राई

संगठन की नब्ज टटोलने निकली सीएपी

गंगटोक : Citizen Action Party – Sikkim (सीएपी-सिक्किम) ने राज्य के सभी छह जिलों में जिला कार्यकारिणी परिषद की बैठकों की श्रृंखला सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। गंगटोक, नामची, सोरेंग, गेजिंग, मंगन और पाकिम जिलों में 8 मई से 26 मई 2026 तक आयोजित इन बैठकों को पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

पार्टी अध्यक्ष गणेश राई की अध्यक्षता में हुईं इन बैठकों में उपाध्यक्ष, महासचिव, सलाहकार, सचिव, संयुक्त सचिव, एसीईसी अध्यक्ष, कार्यकारिणी परिषद सदस्य, पार्टी कार्यकर्ता और जिला स्तर के नेताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सीएपी-सिक्किम के प्रेस एवं प्रचार सचिव जिग्मी भूटिया ने बताया कि जिला स्तरीय इस संगठनात्मक अभियान की अंतिम बैठक पाकिम जिलान्तर्गत रेनॉक क्षेत्र के साजोंग में हुई जिसमें जिले के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान संगठन की मजबूती, भविष्य की दिशा और पार्टी की राजनीतिक भूमिका को लेकर खुलकर चर्चा हुई।

इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष गणेश राई ने कहा कि सभी छह जिलों में बैठकें पूरी होना पार्टी की हालिया बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक आंदोलन की ताकत केवल शीर्ष नेतृत्व में नहीं होती, बल्कि उन कार्यकर्ताओं में होती है जो जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि ये बैठकें केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं थीं, बल्कि संगठन की नब्ज समझने, कार्यकर्ताओं की बात सुनने और उनसे सीखने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया थीं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन बैठकों से मिले सुझाव और प्रतिक्रिया पार्टी के संगठनात्मक आधार को और मजबूत करेंगे।

पार्टी की संगठनात्मक विस्तार योजना के तहत इन बैठकों के दौरान विभिन्न जिलों में नेताओं और कार्यकर्ताओं को 300 से अधिक नियुक्ति आदेश सौंपे गए। पार्टी ने इसे संगठन को मजबूत करने और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

राई ने कहा कि सीएपी-सिक्किम सहभागी नेतृत्व और सामूहिक जिम्मेदारी में विश्वास रखती है। पार्टी में हर कार्यकर्ता को परिवर्तन की यात्रा का भागीदार माना जाता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती पार्टी की दीर्घकालिक दृष्टि का आधार है और सिक्किम में एक वैकल्पिक राजनीतिक संस्कृति बनाने के लिए अनुशासित, जागरूक और जनमुखी संगठन जरूरी है।

राई ने आगे कहा कि जिला बैठकों से जो ऊर्जा और उत्साह पैदा हुआ है, वह पार्टी की जमीनी पकड़ को और मजबूत करेगा। उन्होंने दावा किया कि पारदर्शिता, जवाबदेही, न्याय और जनकेंद्रित शासन के सिद्धांतों पर आधारित 2029 में “सिटिजन्स गवर्नमेंट” स्थापित करने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण साबित होगा।

बैठकों के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्तमान एसकेएम सरकार के कार्यकाल में आम नागरिकों की बढ़ती कठिनाइयों पर भी चिंता व्यक्त की। नेताओं ने कहा कि कई नीतिगत फैसलों में दूरदर्शिता और जन संवेदनशीलता की कमी दिखाई देती है।

बैठकों में वर्तमान ऑड-ईवन नियम के लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को हो रही परेशानी पर विशेष चर्चा हुई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस व्यवस्था से ग्रामीण नागरिकों के दैनिक जीवन में असुविधा बढ़ी है। इसके अलावा, बैठक में यह भी कहा गया कि शासन व्यवस्था संवेदनशील और व्यावहारिक समझ पर आधारित होनी चाहिए। जन नीतियां लोगों को राहत और प्रगति देने वाली होनी चाहिए, न कि आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ डालने वाली।

सीएपी-सिक्किम ने कहा कि सभी जिलों में बैठकों की सफलता और 300 से अधिक नियुक्ति आदेशों का वितरण पार्टी की बढ़ती संगठनात्मक मजबूती, विस्तार और राजनीतिक परिपक्वता को दर्शाता है। पार्टी ने दोहराया कि वह जनभागीदारी और जवाबदेह नेतृत्व पर आधारित व्यापक राजनीतिक आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics