मधेपुरा । प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने पूर्व सांसद आनंद मोहन के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर दिए गए बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मधेपुरा सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कोई ‘बरसात के बुलबुले’ नहीं हैं, बल्कि वे खुद एक विचारधारा हैं और बिहार की जनता उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
मंत्री शीला मंडल ने कहा कि जो लोग मुख्यमंत्री पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले खुद पर विचार करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जब बिहार का इतिहास लिखा जाएगा तो उसमें नीतीश कुमार का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा। उनके नेतृत्व में राज्य ने विकास, सुशासन और सामाजिक बदलाव के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
मीडिया से बातचीत में मंत्री Sheela Mandal ने राज्य सरकार की ‘सहयोग शिविर योजना’ को आम लोगों के लिए बड़ी राहत बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू की गई यह योजना जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से लागू की गई है। 19 मई से इसकी शुरुआत हो चुकी है और अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सभी क्षेत्रों में सहयोग शिविर लगाए जाएंगे।
आगे प्रभारी मंत्री ने बताया कि इन शिविरों में जमीन विवाद, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं समेत कई विभागों से जुड़े आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार किए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सुविधा मिल सके।
शीला मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर हर हाल में किया जाए। तय समय सीमा में काम नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर लगातार काम कर रही है। यही वजह है कि सहयोग शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचकर अपनी समस्याएं खुलकर रख रही हैं। मंत्री ने दावा किया कि एनडीए सरकार ने सड़क, पुल-पुलिया, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में भी तेजी से काम किया है।
No Comments: