ट्रेन से पहुंचे मंत्री, पीछे-पीछे पहुंचा काफिला!

ईंधन बचत के दावे पर उठे सवाल, सोशल मीडिया पर घिरे संजय सिंह

पटना/जमुई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का कई राज्यों में असर दिखने लगा है। कई मंत्रियों ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है तो कई मंत्रियों ने ट्रेन से सफर करना भी शुरू कर दिया है। ऐसी की एक तस्वीर बिहार से सामने आई है। दरअसल बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह ने आज मंगलवार को पटना से जमुई का सफर ट्रेन में किया। हालांकि मंत्री का ट्रेन का सफर केवल सुर्खियां बटोरने का एक स्टंट मात्र बनकर रह गया, जब सोशल मीडिया पर ये बातें शुरू हो गईं कि उन्होंने अपने काफिले की गाड़ियां पहले ही पटना से जमुई भेज दी थीं।

मिली जानकारी के मुताबिक, संजय सिंह को बिहार सरकार ने जमुई जिले का प्रभारी मंत्री बनाया है। जमुई जिले का प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद आज संजय सिंह ने अपनी पहली ऑफिशियली यात्रा शुरू की। हालांकि इस बार मंत्री ने बाया रोड जाने की जगह वंदे भारत ट्रेन से जमुई की यात्रा करने का फैसला किया।

पटना रेलवे स्टेशन पर मंत्री संजय सिंह पहुंचे तो मीडिया ने उनसे बात करते हुए ट्रेन से सफर के बारे में सवाल किया। इसके जवाब में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण की अपील से प्रभावित होकर ये कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बचत करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है।

करीब 2 घंटे का वंदे भारत ट्रेन में सफर करने के बाद मंत्री संजय सिंह जमुई पहुंचे। यहां जमुई के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों से जिले में चल रही योजनाओं की जानकारी ली। जमुई में मंत्री ने फोटो खिंचवाए और मीडिया से बात की। संजय सिंह ने कहा कि जमुई से इनका लगाव रहा है। ऐसे में उन्हें जमुई जिले का प्रभारी मंत्री बनाए जाना उनके लिए सम्मान की बात है।

मंत्री जमुई में करीब 30 मिनट तक रुके। इसके बाद मंत्री चलने को हुए तो उनकी गाड़ी वहां आ गई। सम्राट सरकार के मंत्री संजय सिंह आए तो ट्रेन से थे, लेकिन उन्होंने वापस ट्रेन से जाना मुनासिब नहीं समझा और लपक से अपनी गाड़ी में जा बैठे। उनके पीछे भी करीब 7 से 8 गाड़ियों का काफिला पटना के लिए चल पड़ा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics