वाराणसी । शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में यूपी से एक और गिरफ्तारी हुई है। सीबीआई ने वाराणसी से आरोपी विनय राय पमपम (40) को गिरफ्तार किया है। आरोपी गाजीपुर के देवरिया गांव का निवासी है। सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसको 2 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। अब तक यूपी से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले दो गिरफ्तारी बलिया के रहने वाले आरोपियों की हुई है।
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम आने के 2 दिन बाद 6 मई को 42 साल के चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी। उनकी कार रुकवाकर कई राउंड फायर किया गया था। चंद्रनाथ रथ के सीने और पेट में 3 गोलियां लगी थीं। सीबीआई को मामले की जांच सौंपी गई थी।
गिरफ्तार किया गया विनय राय पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। 2012 में दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तारी के बाद तिहाड़ जेल भी जा चुका है।
बता दें कि 10 मई को यूपी के बलिया निवासी राज सिंह को सीबीआई ने अयोध्या से गिरफ्तार किया था। सोमवार को मुजफ्फरनगर से बलिया के रहने वाला राज कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था। आज (मंगलवार) वाराणसी से विनय राय की गिरफ्तारी हुई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि हत्या की साजिश और वारदात में कम से कम 8 लोग शामिल थे। हत्या से पहले इन लोगों ने पीए चंद्रनाथ रथ की कई दिनों तक रेकी की थी। हमलावरों की कार हत्या से पहले बाली टोल प्लाजा से गुजरी थी।
No Comments: