सोरेंग : सोरेंग नगर पंचायत चुनाव में नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आज सोरेंग जिला प्रशासनिक केंद्र में आयोजित किया गया। नगर पालिका रिटर्निंग अधिकारी सह जिला मजिस्ट्रेट धीरज सुबेदी ने नए सदस्यों को पद और निष्ठा की शपथ दिलाई। इस समारोह में, सोरेंग-चाकुंग विधायक आदित्य तमांग गोले और सिक्किम स्टेट बैंक के अध्यक्ष डीबी गुरुंग मुख्य रुप से उपस्थित रहे।
सोरेंग नगर पंचायत के पार्षद के रूप में आज शपथ लेने वाले निर्वाचित प्रतिनिधियों में वार्ड संख्या 1 सिंगलिंग से सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा पार्टी की शांति कला लिम्बू, वार्ड संख्या 2 दारा बाजार से भारतीय जनता पार्टी के नरेंद्र सुब्बा, वार्ड संख्या 3 सोरेंग बाजार से एसकेएम से दीना हांगमा सुब्बा, वार्ड संख्या 4 प्रगति चौक से एसकेएम के ही दिल प्रसाद जोगी और वार्ड संख्या 5 दारागांव से एसकेएम की दिव्या सुब्बा शामिल रहे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद सर्वसम्मति से दीना हांगमा सुब्बा को सोरेंग नगर पंचायत का अध्यक्ष और दिल प्रसाद जोगी को उपाध्यक्ष चुना गया।वहीं, विधायक आदित्य गोले ने सोरेंग नगर पंचायत के नवनिर्वाचित सदस्यों को पार्षद बनने पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए नगर पंचायत के गठन और स्थापना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है कि वह अपने शहरी स्थानीय निकाय (नगर पंचायत) के गठन का साक्षी बन रहा है। गोले ने आगे बताया कि प्रभावी शासन और प्रशासन के लिए नगर पंचायत से संबंधित प्रासंगिक अधिनियमों, भूमिकाओं, जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित कराने हेतु निर्वाचित सदस्यों के लिए जागरूकता और तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, उन्होंने सभी सदस्यों से आम लोगों के समग्र विकास, प्रगति और बेहतरी के लिए एक टीम के रूप में मिलकर और सहयोग से काम करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्षा श्रीमती टीला देवी गुरुंग, जिला उपाध्यक्ष चंद्र बीर कामी, मुख्यमंत्री के एपीएस (सोरेंग) एरास लक्सोम, ओएसडी, एसपी नहकुल प्रधान, एडीसी डीआर बिष्ट, एडीसी (विकास) ओंगदी शेरपा, मुख्य नगर नियोजक सह नामची स्मार्ट सिटी नोडल अधिकारी नवीन राई, बीडीओ, बाजार अधिकारी मेरी गोल्ड लक्सोम तथा विभिन्न विभागीय प्रमुख और अधिकारी भी उपस्थित थे।
No Comments: