धनबाद । झारखंड के धनबाद बीसीसीएल की मुनीडीह कोल वाशरी में बड़ा हादसा हुआ है। कोयले की स्लरी से दबकर चार मजदूरों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान मानीक बाउरी, दिनेश बाउरी, दीपक बाउरी और मइरा गोप के रूप में हुई है। मुनीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत संचालित बीसीसीएल की कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शनिवार शाम करीब पांच बजे बड़ा हादसा हो गया। ट्रक में स्लरी (कोयला पाउडर) लोडिंग के दौरान अचानक स्लरी गिरने से कई ठेका मजदूर दब गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया गया। स्लरी को हटाकर चार मजदूरों के शव बाहर निकाले गए। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं और मजदूर तो नहीं फंसे हैं।
घटना के तुरंत बाद वाशरी परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। जेसीबी मशीनों की मदद से भारी मात्रा में स्लरी को हटाकर चारों शवों को बाहर निकाला गया। प्रशासन अभी भी इस बात की जांच कर रहा है कि कहीं मलबे में कोई और मजदूर तो नहीं फंसा है। संभावना है कि और भी शव मलवे में मिल सकते हैं।
हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के परिजनों और स्थानीय मजदूरों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। पूरे मुनीडीह क्षेत्र में तनावपूर्ण और शोक का माहौल है। मजदूरों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ है। बीसीसीएल प्रबंधन और ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लोडिंग के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं थे।
फिलहाल, स्थानीय पुलिस और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुटे हैं। इस घटना ने एक बार फिर धनबाद के कोयला खदानों और वाशरी में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। मुनीडीह ओपी प्रभारी मनिता कुमारी ने बताया कि चार मजदूरों के शव निकाल लिए गए हैं. शेष फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू कार्य तेजी से चल रहा है. स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ और बीसीसीएल की टीम मौके पर मौजूद है.प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाशरी में स्लरी का अचानक बहाव या टैंक/पाइपलाइन में लीकेज के कारण यह घटना हुई।
No Comments: