छिरिंग पाल्देन भूटिया होंगी गंगटोक की मेयर

एसकेएम ने सभी शहरी निकायों अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए घोषित किए नाम

गंगटोक : सत्तारूढ़ Sikkim Krantikari Morcha (एसकेएम) ने हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद राज्य के विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों में प्रमुख पदों के लिए आज अपने उम्मीदवारों की घोषणा की।

ये निर्णय पार्टी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में लिए गए। बैठक में वरिष्ठ पार्टी नेता, मंत्री, विधायक और विभिन्न शहरी निकायों के प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता जैकब खालिंग ने बताया कि नगर निकाय चुनावों के बाद नई नगरपालिकाओं के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि एसकेएम के 62 उम्मीदवार चुनाव जीत चुके हैं और यदि गंगटोक नगर निगम के वार्ड संख्या 17 में मतदान हुआ होता, तो यह संख्या 63 हो सकती थी।

उन्होंने कहा, चुनावी प्रक्रिया को पूर्ण करने और नई नगरपालिकाओं के गठन को सुगम बनाने के लिए पार्टी ने तुरंत निर्णय लेते हुए नामांकन तय किए हैं। बाद में वरिष्ठ नेता अरुण उप्रेती ने नौ शहरी स्थानीय निकायों के विभिन्न पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों की अंतिम सूची की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सभी चयन राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आरक्षण श्रेणियों के अनुरूप किए गए हैं और इन्हें पार्टी नेतृत्व ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी है। गंगटोक नगर निगम में मेयर पद (एसटी महिला आरक्षित) के लिए छिरिंग पाल्देन भूटिया को नामित किया गया है, जबकि डिप्टी मेयर पद (सामान्य महिला आरक्षित) के लिए सारा लामा का चयन हुआ है।

नामची नगर परिषद में अध्यक्ष पद (ओबीसी केंद्रीय श्रेणी) के लिए गणेश राई और उपाध्यक्ष पद (ओबीसी राज्य महिला श्रेणी) के लिए सरस्वती शर्मा को नामित किया गया है। रंगपो नगर पंचायत में संजीव कुमार खत्री को अध्यक्ष और संजू मंगर को उपाध्यक्ष बनाया गया है। सिंगतम नगर पंचायत में मुकेश अग्रवाल अध्यक्ष और बिंद्या सुब्बा उपाध्यक्ष होंगी। मंगन नगर पंचायत में छिरिंग डोमा भूटिया को अध्यक्ष तथा नोरबू रिंचेन लेप्‍चा को उपाध्यक्ष नामित किया गया है।

गेजिंग नगर पंचायत में खीना माया तिवारी को अध्यक्ष और रिंजिंग भूटिया को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

नयाबाजार-जोरथांग नगर पंचायत में समतेन मोक्‍ता तमांग अध्यक्ष और मंजरी राई उपाध्यक्ष होंगी।सोरेंग नगर पंचायत में दीना हांगमा सुब्बा अध्यक्ष तथा दिल प्रसाद जोगी उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। पाकिम नगर पंचायत में इंचुंग भूटिया को अध्यक्ष और भीम माया छेत्री को उपाध्यक्ष नामित किया गया है। उप्रेती ने बताया कि सभी नामांकन पार्टी नेतृत्व द्वारा विधिवत स्वीकृत और हस्ताक्षरित हैं तथा ये आरक्षण नियमों के अनुरूप हैं।

उन्होंने विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए मतदाताओं का आभार जताया और कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कई उम्मीदवार निर्विरोध भी चुने गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ वार्डों में भाजपा के उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, जबकि कुछ स्थानों पर निर्दलीय प्रत्याशी भी विजयी हुए। चुनाव से जुड़े सवालों और डीपीएस अवॉर्ड मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उप्रेती ने कहा कि सभी तकनीकी और प्रक्रियागत मुद्दों का निपटारा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा किया जाएगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics