गेजिंग : मुख्यमंत्री मेंटरशिप पहल के तहत आज स्थानीय पीएम श्री गेजिंग गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। ‘कैटालिटिक चार्टर फाउंडेशन’ द्वारा आयोजित किये जा रहे इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के बीच मजबूत मार्गदर्शन और उनके शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाना है।
आज शिक्षा सचिव ताशी चोफेल लेप्चा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में समग्र शिक्षा निदेशक एडी छेत्री, जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी पेमा ग्यालछेन भूटिया, जिला के संयुक्त शिक्षा निदेशक राजेश थापा और समग्र शिक्षा उप निदेशक दिग्विजय बस्नेत शामिल थे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन गेजिंग जिले के 33 स्कूलों के प्रमुखों ने भाग लिया। इस सत्र का मुख्य जोर मेंटरशिप में नेतृत्व की भूमिकाओं को मजबूत करने और शैक्षणिक परिणामों को बेहतर बनाने के लिए रणनीतियां तैयार करने पर था। इस दौरान, इस पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया कि यह मेंटरशिप पहल विशेष रूप से उन छात्रों को सहायता प्रदान करने पर केंद्रित है जो सीबीएसई दसवीं कक्षा की परीक्षा में शामिल होने वाले हैं।
सत्र में दसवीं कक्षा के हालिया परिणामों पर भी विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें सीखने की कमियों की पहचान करने, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां साझा करने और भावी प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए लक्षित हस्तक्षेपों की योजना बनाने पर जोर दिया गया।
उद्घाटन के बाद, शिक्षा सचिव ने पीएम श्री गेजिंग गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल और रेथांग प्राइमरी स्कूल का दौरा कर स्कूल अधिकारियों के साथ बातचीत की और शैक्षणिक तथा बुनियादी ढांचे से जुड़ी सुविधाओं की समीक्षा की। साथ ही, उन्होंने कर्मचारियों को शैक्षणिक मानकों को बेहतर बनाने की दिशा में अपने प्रयासों को जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
बताया गया है कि यह तीन-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा, जिसमें विचार-विमर्श सत्र, कार्यशालाएं और सहयोगात्मक चर्चाएं होंगी।
No Comments: