पटना । बिहार की राजनीति में एक्टिव होने के बाद निशांत कुमार अब लगातार पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के साथ ही बिहार में शराबबंदी और महिला आरक्षण समेत सभी मुद्दों पर स्पष्ट राय रख रहे हैं। निशांत कुमार मई महीने से बिहार के अलग-अलग जिलों का दौरा भी शुरू करने वाले हैं। यात्रा को लेकर जदयू की ओर से तैयारी तेज कर दी गई है। इस दौरे की पूरी रूपरेखा इस महीने के अंत में होने वाली जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तय की जाएगी।
जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बैठक में निशांत कुमार को लेकर फैसला होगा। निशांत की यात्रा कैसे होगी, कितने चरणों में चलेगी और किन नेताओं को क्या जिम्मेदारी दी जाएगी, इन सभी पर बैठक में फैसला लिया जाएगा। इसके बाद मई महीने से निशांत कुमार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मैदान में उतरेंगे।
उधर, निशांत कुमार ने शनिवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नीतीश कुमार के कार्यों की चर्चा की। इस दौरान पार्टी संगठन मजबूती एवं भविष्य की रणनीति पर गहन विचार विमर्श हुआ। निशांतने पार्टी कार्यालय में मौजूद एक-एक लोगों से मुलाकात की। उनके विचारों को सुना। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सबों को मिलकर नीतीश कुमार के कामों को आगे बढ़ाना है।
शराबबंदी को जदयू नीतीश कुमार की उपलब्धियों की सूची में शामिल कर इस चर्चा को आगे बढ़ाती रहेगा। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2016 में नीतीश कुमार द्वारा लिया गया शराबबंदी का साहसिक एवं ऐतिहासिक निर्णय सामाजिक सुधार के साथ-साथ महिला सुरक्षा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।
बैठक के दौरान विधान परिषद में पार्टी के मुख्य सचेतक संजय कुमार उर्फ गांधीजी, विधायक चेतन आनंद, मांजरिक मृणाल, ऋतुराज कुमार, रुहेल रंजन, अनिल कुमार व प्रदेश महासचिव मनीष कुमार सहित पार्टी के अन्य नेता उपस्थित थे।
No Comments: