सोशल मीडिया मार्केटिंग पर 15 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

गंगटोक : केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय की ‘रैंप’ योजना के तहत राज्य वाणिज्य व उद्योग विभाग द्वारा कुबेर वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आज स्थानीय एक होटल में सोशल मीडिया मार्केटिंग पर 15 दिवसीय प्रशिक्षण का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर एमएसएमई निदेशक एम रविकुमार ने डिजिटल मार्केटिंग के लिए सोशल मीडिया का लाभ उठाने पर जोर देते हुए मौजूदा डिजिटल पीढ़ी में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के महत्व को रेखांकित किया। इस कड़ी में, उन्होंने ‘सिक्किम उत्सव’ के प्रचार का उदाहरण दिया जो मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के दूरदर्शी नेतृत्व में देश भर के विभिन्न शहरों में आयोजित किया जा रहा एक सांस्कृतिक और उद्यमशीलता उत्सव है। साथ ही, उन्होंने इच्छुक उद्यमियों को अपने व्यवसायों का विस्तार करने के लिए अपनी भौगोलिक पहुंच बढ़ाने और अपने उत्पादों की मार्केटिंग केवल क्षेत्रीय ग्राहकों तक सीमित रखने के बजाय राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों तक करने का लक्ष्य बनाने का सलाह दिया।

इसके अलावा, रविकुमार ने डिजिटल मार्केटिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का लाभ उठाकर कौशल-विकास करने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने इच्छुक उद्यमियों से विभाग द्वारा प्रदान किए जाने वाले उद्यमशीलता ऋणों का लाभ उठाने का भी आग्रह किया, जिन पर 35 प्रतिशत की सब्सिडी मिलती है। उन्होंने आगे बताया कि विभाग व्यवसाय पंजीकरण, क्षमता-निर्माण कार्यक्रम, वित्तीय सहायता, बाज़ार विस्तार, संपर्क-सूत्र और निर्यात सुविधा आदि के साथ व्यापक सहायता प्रदान करता है।

इससे पहले, मुंबई के उद्यमी और कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक जैनेंद्र बख्शी ने सोशल मीडिया मार्केटिंग पर आधारित इस प्रशिक्षण और इसके दायरे का एक संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने डिजिटल मार्केटिंग में सफलता प्राप्त करने के लिए एक मजबूत ऑनलाइन उपस्थिति बनाने, लक्षित दर्शकों को समझने और लगातार तथा आकर्षक सामग्री तैयार करने के महत्व पर जोर दिया।

वहीं, कुबेर वर्ल्ड के निदेशक डॉ. राज लामा ने अपने धन्यवाद ज्ञापन में उपस्थित लोगों को रैंप योजना तथा इसकी विभिन्न सुविधाओं और लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के ‘एक परिवार, एक उद्यमी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से साकार हो रहे आत्मनिर्भरता के विजन की भी सराहना की। उन्होंने इच्छुक उद्यमियों को ऐसी पहलों का लाभ उठाने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में, लामा ने प्रशिक्षण में भाग ले रहे 20 इच्छुक उद्यमियों को इसका पूरा लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया। आज के कार्यक्रम में वाणिज्य व उद्योग विभाग के अधिकारियों, उद्यमियों तथा अन्य हितधारकों ने भाग लिया।

#anugamini

Next Post

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics