गंगटोक : सिक्किम नगरपालिका चुनाव में गंगटोक जिले के अंतर्गत निर्विरोध सीटों के परिणाम आज घोषित कर दिए गए। यह घोषणा, चुनाव से नाम वापस लेने वाले उम्मीदवारों द्वारा ‘फॉर्म 21’ को नगरपालिका रिटर्निंग अधिकारी सह जिला कलेक्टर तुषार निखारे के समक्ष जमा करने के बाद की गई है। इसी तरह, आज सिंगताम नगर पंचायत के निर्विरोध सीटों के परिणामों की भी घोषणा की गई।
गंगटोक नगर निगम के 19 निर्विरोध सीटों में सभी में सत्ताधारी एसकेएम उम्मीदवारों का कब्जा हुआ है। वहीं, सिंगताम नगर पंचायत के निर्विरोध सीटों में एक पर भाजपा उम्मीदवार की जीत हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगटोक नगर निगम के तहत निर्विरोध नतीजों में वार्ड 1 बोझोघारी 2 माइल से एसकेएम के ओंगदेन भूटिया, वार्ड 2 अपर बुर्तुक से एसकेएम के नेल बहादुर छेत्री, वार्ड 3 लोअर बुर्तुक से एसकेएम के ताशी चोफेल लेप्चा, वार्ड 4 लोअर सिच्चे से एसकेएम की जशु जैरू, वार्ड 5 लोअर सिचे लिंगदिंग से एसकेएम की पुष्पा राई, वार्ड 6 अपर सिच्चे से एसकेएम की अरुणा छेत्री, वार्ड 7 चांदमारी से एसकेएम की चुंगकेला लेप्चा, वार्ड 8 तथांगचेन से लाशे डोमा भूटिया, वार्ड 9 डेवलपमेंट एरिया से छिरिंग पाल्देन भूटिया, वार्ड 11 आरिथांग से एसकेएम के कर्मा टेम्पो रापग्याल भूटिया, वार्ड 12 आरिथांग से एसकेएम की सारा लामा, वार्ड 13 लोअर एमजी मार्ग लालबाजार से पंकज प्रसाद, वार्ड 14 अपर एमजी मार्ग से संदीप मालू, वार्ड 15 तिब्बत रोड से एसकेएम की हिस्से डोमा भूटिया, वार्ड 16 देवराली अपर सियारी से निर्मला छेत्री, वार्ड नंबर 18 डाड़ागांव लुम्सी से मिलन कुमार छेत्री वार्ड 19 तादोंग से सोनम पिंछो भूटिया, वार्ड 20 लोअर तादोंग से भावना राई और वार्ड 21 रानीपुल से एसकेएम की शकुंतला प्रधान विजयी हुई हैं।
इसी तरह, सिंगताम नगर पंचायत के तहत निर्विरोध सीटों के परिणाम में वार्ड 1 पीपल डारा से भाजपा की रजनी सिंह सिंचुरी, वार्ड 2 डांड़ागांव से एसकेएम के मुकेश अग्रवाल, वार्ड 3 मंदिर लाइन से एसकेएम की बिंदया सुब्बा, वार्ड 4 लाल बाजार से एसकेएम के किशोर छेत्री और वार्ड 5 चिसोपानी से एसकेएम के सुरेश कुमार तमांग चुनाव जीते हैं।
उम्मीदवारों ने चुनाव पर्यवेक्षक बसंत कुमार लामा और सहायक नगर रिटर्निंग अधिकारियों की उपस्थिति में नगर रिटर्निंग अधिकारी-सह गंगटोक डीसी तुषार निखारे से चुनाव प्रमाण पत्र प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि वार्ड 10 डीजल पावर हाउस के लिए सभी मतदान केंद्र पालजोर नामग्याल गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में होंगे। मतदान 24 अप्रैल को होगा और परिणाम अगले दिन 25 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।
#anugamini
No Comments: