गंगटोक : लोकतांत्रिक भागीदारी, मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रमों और नए प्रवक्ताओं की नियुक्ति को लेकर सत्ताधारी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इसका नेतृत्व मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव जैकब खालिंग राई ने पार्टी प्रवक्ता विकास बस्नेत के साथ किया।
इस अवसर पर जैकब खालिंग ने लोकतंत्र में चुनावों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत और दुनिया भर के लोकतांत्रिक देशों में चुनाव लोगों को अपने प्रतिनिधियों को चुनने का मौका देते हैं। उन्होंने बताया कि एसकेएम ने हमेशा चुनावों में हिस्सा लिया है, चाहे वह सत्ता में रही हो या विपक्ष में। पार्टी ने लगातार शहरी स्थानीय निकाय चुनाव, ग्राम पंचायत चुनाव, विधानसभा चुनाव और संसदीय चुनाव लड़े हैं। उन्होंने कहा, हम कभी भी चुनावों से दूर नहीं रहे। जब हम सत्ता में नहीं थे, तब भी हमने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।
Jacob Khaling ने याद दिलाया कि 2015 में जब एसकेएम विपक्ष में थी, तब भी उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गंगटोक, सिंगताम, नया बाजार और जोरथांग जैसी जगहों पर चुनाव लड़े थे। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी की औपचारिक स्थापना से पहले भी 2012 में नेताओं ने सिक्किम में बदलाव की आवाज उठाने के लिए निर्दलीय चुनाव लड़ा था।
खालिंग ने यह भी बताया कि मौजूदा शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में एसकेएम के कई उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। उन्होंने पार्षद बनने वाले सभी विजेता उम्मीदवारों को बधाई दी और चुनाव प्रक्रिया के दौरान समर्थन के लिए मुख्यमंत्री, विधायक, मंत्री, सांसद और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। साथ ही, उन्होंने पार्टी के युवा और महिला मोर्चा की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने चुनावों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए मीडिया, निर्वाचन आयोग, जिला अधिकारियों और पुलिस को भी धन्यवाद दिया।
इसके साथ ही, खालिंग ने चुनावों में हिस्सा नहीं लेने वाले कुछ राजनीतिक पार्टियों पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टियां बहाने बनाने और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा, अगर उनमें हिम्मत है, तो उन्हें आगे आकर चुनाव लड़ना चाहिए। वहीं, गठबंधन के मुद्दे पर उन्होंने साफ किया कि एसकेएम और भाजपा मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, यह कोई अटकलबाजी नहीं है। यह राज्य और केंद्र, दोनों स्तरों पर एक खुला और स्पष्ट गठबंधन है। इसमें कुछ भी छिपा हुआ नहीं है। उन्होंने गठबंधन के साथियों को मिलकर आगे बढ़ने की भी बात कही।
वहीं, संवाददाता सम्मेलन में विकास बस्नेत ने पार्टी प्रवक्ताओं में से एक के तौर पर कला राई की नियुक्ति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह कदम मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण पर पार्टी के फोकस को दिखाता है। बस्नेत ने कहा कि कला राई एक वरिष्ठ नेता और पार्टी की संस्थापक सदस्य हैं, जो 2009 से इस आंदोलन से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने आगे कहा कि कला राई पहले पार्टी महासचिव के तौर पर काम कर चुकी हैं और उन्होंने अलग-अलग स्तरों पर योगदान दिया है। बस्नेत ने कहा कि पार्टी को तीन महिलाओं को प्रवक्ता नियुक्त करने पर गर्व है, जिनमें कला राई, छिरिंग भूटिया और अंजना शर्मा शामिल हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि वे अपनी जिम्मेदारियों को अच्छी तरह से निभाएंगी।
मैं पार्टी को निराश नहीं करूंगी : कला राई
इस दौरान, अपनी नियुक्ति के बाद पहली बार मीडिया से बात करते हुए कला राई ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपने पर पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने की कोशिश की है। राई ने महिला सशक्तिकरण के महत्व के बारे में भी बात की और कहा कि पार्टी ने महिलाओं को समान अवसर दिए हैं। उन्होंने महिला नेताओं का समर्थन करने के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और पार्टी संगठन का शुक्रिया अदा किया। मैं पार्टी को निराश नहीं करूंगी और पूरी लगन एवं ईमानदारी के साथ काम करती रहूंगी।
#anugamini
No Comments: