परिधान एवं वस्त्र निर्माण इकाई ने निरीक्षण कार्यक्रम का किया आयोजन

गेजिंग : गेजिंग-बर्मेक विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बरफोक स्थित परिधान एवं वस्त्र निर्माण इकाई द्वारा मंगसेल में निरीक्षण सह जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिक्किम सरकार के पीएचई एवं डब्ल्यूआरडी विभाग के सलाहकार सह क्षेत्रीय विधायक लोकनाथ शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

वहीं, हथकरघा एवं हस्तशिल्प निदेशालय के निदेशक छिरिंग तोप्गे भूटिया विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर निदेशालय के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। यह पहल सिक्किम सरकार के हथकरघा एवं हस्तशिल्प निदेशालय द्वारा भारत सरकार के एमएसएमई के तहत संचालित की जा रही है, जिसमें परियोजना प्रबंधन का सहयोग इंडस इंटीग्रेटेड इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट लिमिटेड द्वारा प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में परिधान निर्माण उद्योग के महत्व और इसके संभावित प्रभावों के प्रति जागरुकता फैलाना था। उल्लेखनीय है कि बारफोक स्थित यह परिधान एवं वस्त्र निर्माण इकाई पूरे उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में अपनी तरह की एकमात्र इकाई है, जो सिक्किम में कौशल विकास और औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि लोकनाथ शर्मा (Lok Nath Sharma) ने कहा कि इस प्रकार का अवसर क्षेत्र में राज्य के मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के कारण संभव हो पाया है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से इस पहल का अधिकतम लाभ उठाने, अपने कौशल को विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि यह इकाई भविष्य में इस क्षेत्र को परिधान निर्माण केंद्र के रूप में विकसित कर वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक साबित हो सकती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्रीय विधायक लोकनाथ शर्मा के निरंतर सहयोग तथा डीएचएच के निदेशक छिरिंग तोप्गे भूटिया और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सतत प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्राप्‍त जानकारी के अनुसार, इस इकाई में प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी एक अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics