गेजिंग : गेजिंग जिले के योक्सम-तासिडिंग समष्टि के अंतर्गत आने वाले आरिथांग चोंगरांग के मिडिल चोंगरांग में आज से विश्व शांति पूजा के साथ श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ हुआ है। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और आध्यात्मिक उन्नति के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम ने स्थानीय क्षेत्र के साथ-साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को भी आकर्षित किया है।
पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महत्वपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम के पहले दिन आज भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सुबह से ही श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर भजन-कीर्तन करते हुए रंगीत नदी की ओर प्रस्थान किए। वहां से पवित्र जल कलश में भरकर पुनः पूजा स्थल तक लाया गया। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत यह कलश यात्रा अत्यंत अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। पूजा स्थल पर पहुंचने के बाद विधिवत रूप से इसका समापन किया गया।
इस पावन अवसर पर क्षेत्र के विधायक एवं मंत्री छिरिंग टी भूटिया की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने कलश यात्रा में भाग लेकर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। साथ ही, उन्होंने पूजा अनुष्ठान में शामिल पंडितों और पुरोहितों को सम्मानित करते हुए धार्मिक कार्यों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में शांति, सद्भाव और एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ अनुष्ठान हिन्दू धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, लीलाओं और उपदेशों का वर्णन कथा के रूप में किया जाता है, जो लोगों को धर्म, कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है। वहीं, विश्व शांति पूजा का उद्देश्य वर्तमान समय में बढ़ती अशांति और तनाव को कम कर समाज में शांति और सद्भाव का प्रसार करना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन कथा वाचन, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा विधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से इसमें भाग लेकर पुण्य अर्जित करने का आह्वान किया है। स्थानीय लोगों के सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन 27 मार्च को होगा। समापन दिवस पर विशेष पूजा, हवन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों को विश्वास है कि यह कार्यक्रम पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगा और समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करेगा।
#anugamini
No Comments: