दो दिवसीय निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर संपन्न

गेजिंग : महिला, बाल, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत, जिला प्रशासन गेजिंग के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर आज जिला अस्पताल गेजिंग में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

जिला कलेक्टर गेजिंग, तेनजिंग डी. डेनजोंग्‍पा ने शिविर का दौरा कर प्रदान की जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त निदेशक सह मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ नामगे भूटिया, उपनिदेशक सह सीडीपीओ एचबी शंकर और जिला चिकित्सा अधीक्षक (डीएमएस) डॉ एनटी शेरपा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न विशेष चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें डिमेंशिया की जांच एवं परामर्श, मुख स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोग, ईएनटी, मनोचिकित्सा, स्त्री रोग, श्वसन एवं छाती से संबंधित बीमारियां तथा अस्थि रोग शामिल थे। पंजीकृत मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।

सभा को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि वृद्धावस्था में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामान्य होती हैं। उन्होंने सभी लाभार्थियों से अपील की कि वे उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं और बिना किसी झिझक के उचित उपचार कराएं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान करेगा।

अपने संबोधन में सीएमओ गेजिंग ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने और निरंतर सहयोग के लिए जिला कलेक्टर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि निर्धारित दवाओं के साथ कैल्शियम और विटामिन सप्लीमेंट भी निःशुल्क प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को ऐसे प्रयासों का पूरा लाभ उठाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया।

शिविर के दौरान उपचार कराने वाले सभी लाभार्थियों को मल्टी-न्यूट्रिएंट पैकेज भी वितरित किए गए। जिला कलेक्टर ने विभिन्न जांच कक्षों का भी दौरा किया और चिकित्सा विशेषज्ञों से बातचीत की। उन्होंने उनके समर्पित सेवाओं की सराहना की और सम्मान स्वरूप पारंपरिक खादा भेंट कर सम्मानित किया।

स्वास्थ्य शिविर के सफल संचालन में निरंतर सहयोग के लिए सीएमओ गेजिंग को भी प्रशंसा स्वरूप सम्मानित किया गया। इस शिविर में जिले भर के वरिष्ठ नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की और यह गेजिंग में बुजुर्गों के लिए सुलभ एवं व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics