मंगन : ‘कनेक्ट टू सीएम’ पहल के तहत जिले के पासिंगदांग ब्लॉक प्रशासनिक केंद्र में आज जरूरतमंद लाभार्थियों में सुविधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में ब्लॉक विकास अधिकारी डॉ महेंद्र तमांग ने अपने स्वागत भाषण में कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पिछले वर्ष अक्टूबर से ‘कनेक्ट टू सीएम’ के बैनर तले लागू किया जा रहा है और भविष्य के चरणों में भी योग्य व्यक्तियों तक इसके लाभों का विस्तार करने के निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। इस अवसर पर उपस्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रधान निदेशक शेरप चोफेल कटुक भूटिया ने व्यक्तिगत रूप से सावधानीपूर्वक सत्यापित लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र और वित्तीय सहायता सौंपी।
इस दौरान, लाभार्थियों ने जरूरतमंद लोगों की चिंताओं को सुनने और उन पर प्रतिक्रिया देने वाला ऐसा एक मंच तैयार करने हेतु सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। बताया गया कि ‘कनेक्ट टू सीएम’ पहल के माध्यम से सबसे दूरदराज के लोगों को भी सरकार तक पहुंचने का एक सीधा माध्यम प्राप्त हुआ है जो एक साधारण फोन कॉल के जरिए दूरियों को मिटाता है और समय पर हस्तक्षेप के माध्यम से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाता है।
कार्यक्रम में टिंगबोंग गांव की लाभार्थी छिरिंग ओंगमू भूटिया को सरकारी नौकरी ओदश दिया गया। वहीं, मुख्य रूप से कृषि आधारित परिवार के सांगे थिनले लेप्चा को ‘मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना’ के तहत सहायता प्रदान की गई। इसी तरह, सिक्किम विश्वविद्यालय के छात्र तेनचो लेप्चा को अनाथ होने और अनेक चुनौतियों के बावजूद उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उनके प्रयासों के लिए ‘मुख्यमंत्री शिक्षा छात्रवृत्ति’ से सम्मानित किया गया।
बाद में, लाभार्थियों ने “वॉल ऑफ ग्रैटिट्यूड” (आभार की दीवार) पर मुख्यमंत्री के लिए संदेश भी लिखे, जिसमें उन्होंने अपनी सराहना व्यक्त की और अपनी आवाज सुनने तथा उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में उपाध्यक्ष सोनम किपा भूटिया, बागवानी अध्यक्ष ओंगकित लेप्चा, खाद्य व नागरिक आपूर्ति ओएसडी ताशी थेन्डुप लेप्चा, भूमि राजस्व ओएसडी उगेन लेप्चा, जंगू विधायक के ओएसडी रोशन सुब्बा, जिला पंचायत सदस्य अमृता लिम्बू, लूम जिला पंचायत अध्यक्ष दावा लेप्चा एवं अन्य ने भी शिरकत की।
#anugamini
No Comments: