‘पार्ट-टाइम नेताओं’ से रहें सावधान : नितिन नबीन

अहमदाबाद । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शुक्रवार को गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे। अध्यक्ष का पद संभालने के बाद यह उनका पहला गुजरात दौरा है। अहमदाबाद पहुंचने पर उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। नितिन नबीन ने कहा कि चुनाव से पहले कुछ ताकतें फिर से सिर उठाने की कोशिश कर रही हैं, जिन्हें न तो देश की सुरक्षा की परवाह है और न ही आम आदमी की।

नितिन नबीन ने कहा कि चुनाव के दौरान कुछ ‘पार्ट-टाइम नेता’ भी दिखाई देंगे। ऐसे नेताओं को नजरअंदाज करें और उन्हें चुनाव में हराएं। उन्होंने कहा, “बीजेपी के कार्यकर्ता फुल-टाइम नेता हैं, जो हमेशा जनता के बीच रहते हैं और लगातार काम करते हैं।” उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें लोगों के साथ इतने मजबूत रिश्ते बनाने चाहिए कि वे उन पार्ट-टाइम नेताओं के बारे में सोचें भी नहीं। बता दें कि गुजरात में विधानसभा चुनाव दिसंबर 2027 में और लोकसभा चुनाव 2029 में होने हैं।

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा, मैं इस पवित्र भूमि को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि जिस भावना और गर्मजोशी से गुजरात पूरे देश का नेतृत्व कर रहा है, वह सचमुच काबिले-तारीफ है। इस धरती के बेटे आज न केवल देश का नेतृत्व कर रहे हैं, बल्कि दुनिया में भी अपनी पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल को भी याद किया। नितिन नबीन ने कहा कि यह गांधी की भूमि है, जिन्होंने देश को अहिंसा का विचार दिया। यह उस सरदार पटेल की भी धरती है, जिन्होंने भारत को एक करने की ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।

नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि 21वीं सदी में अगर भारत अपनी विरासत को सहेजते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, तो इसका श्रेय गुजरात के बेटे पीएम मोदी को जाता है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अमित शाह की भी प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने बीजेपी का विस्तार किया और उसे अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

इस मौके पर नितिन नबीन के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा और शहर इकाई के अध्यक्ष प्रेरक शाह भी मौजूद रहे। बता दें कि नितिन नबीन का यह दौरा आम आदमी पार्टी के नेताओं के दौरे के साथ हो रहा है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शनिवार से दो दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics