Chhattisgarh के पत्रकारों ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से की मुलाकात

मुख्यमंत्री ने जैविक कृषि की उपलब्धियों की दी जानकारी

गंगटोक : छत्तीसगढ़ के प्रेस समुदाय के 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आज सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (Prem Singh Tamang) से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पीआईबी गंगटोक के सहायक निदेशक मानस पी शर्मा ने किया।

इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक पहलों और प्रगतिशील नीतियों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने सिक्किम की शांत एवं समृद्ध पारिस्थितिकी का उल्लेख करते हुए कहा कि चीन, नेपाल और भूटान की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से घिरा होने के कारण राज्य का विशेष रणनीतिक महत्व है।

वहीं, मुख्यमंत्री ने सतत विकास की अवधारणा पर बल देते हुए राज्य में लागू जैविक खेती की सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जैविक कृषि ने राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण उपायों और व्यापक वन आच्छादन को सिक्किम की ‘ग्रीन स्टेट’ की पहचान का आधार बताया।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में क्रियान्वित प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत संरचना परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने केंद्र प्रायोजित योजनाओं एवं प्रमुख कार्यक्रमों के राज्य की पहलों के साथ समन्वित क्रियान्वयन पर विशेष प्रकाश डाला।

इस अवसर पर, प्रतिनिधिमंडल में शामिल पत्रकारों ने नीतियों के कार्यान्वयन, निगरानी तंत्र तथा जमीनी स्तर पर योजनाओं की पहुंच से संबंधित प्रश्न उठाए, जिनका मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय उदाहरणों सहित विस्तृत उत्तर दिया। साथ ही, अंतरराज्यीय मीडिया सहयोग को सशक्त बनाने तथा विकासात्मक मॉडलों पर तथ्यपरक और जिम्‍मेदार रिपोर्टिंग को प्रोत्साहित करने की साझा प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।

बैठक में, छत्तीसगढ़ के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्मृति-चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री की ओर से भी प्रतिनिधियों को स्मृति-उपहार प्रदान किए गए तथा पारंपरिक खादा ओढ़ाकर सम्‍मानित किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव योगेन तमांग, सूचना व जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक विशाल खवास भी उपस्थित थे।

#anugamini #sikkim #Chhattisgarh

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics