पटना । पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आज कोर्ट से उनको जमानत मिल गई, जिसके बाद वह जेल से रिहा हो गए। पिछले सप्ताह कई वर्ष पुराने जमीन और घर को कब्जा करने के मामले में बेल टूटने के आरोप में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। जेल से रिहा होने के साथ ही पटना के पुलिस अधिकारी पर गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं।
पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, तेज प्रताप यादव, दिग्विजय सिंह, मनोज झा, आनंद मोहन, असदुद्दीन ओवैसी और अन्य सहित सभी दलों के नेताओं को उनकी गिरफ्तारी के दौरान उनका समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अगर आज मेरी जीत हुई है, तो यह न्याय की जीत है। मैं न्यायपालिका का आभारी हूं कि उन्होंने सच और झूठ को अलग किया।
पुलिस ने 7 फरवरी को पप्पू यादव को 31 साल पुराने प्रॉपर्टी के एक मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार पप्पू यादव ने एक घर को किराये पर लेने के बाद उसमें कार्यालय बना लिया था। पप्पू यादव पर धोखे से आवास को किराये पर लेने का आरोप है। गिरफ्तार करने आए पुलिस अधिकारी का कहना था कि सांसद पप्पू यादव के खिलाफ यह कार्रवाई एक पुराने मामले में कोर्ट द्वारा जारी किए गए आदेश के बाद की जा रही है। पुलिस पप्पू यादव की गिरफ्तारी का वारंट लेकर आई थी। लेकिन पप्पू यादव की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही उनके समर्थक उनके घर के बाहर आकर जमा हो गए थे, और इस दौरान उनलोगों ने जमकर हंगामा किया था।
#anugamini
No Comments: