जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने ‘उद्यमी संवाद कार्यक्रम’ की घोषणा की

हाजीपुर । वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने और स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं को हल करने के लिए ‘उद्यमी संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रत्येक गुरुवार को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक समाहरणालय परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में नियमित रूप से आयोजित होगा।

इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के सूक्ष्म, लघु, मध्यम और बड़े उद्यमियों से सीधा संपर्क स्थापित करना है। इसके माध्यम से उनकी व्यावहारिक समस्याओं को समझा जाएगा और उद्योगों की स्थापना, संचालन तथा विस्तार के लिए आवश्यक प्रशासनिक, तकनीकी एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान, जिला उद्योग केंद्र, वैशाली के महाप्रबंधक उद्यमियों को बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज सहित राज्य सरकार की विभिन्न औद्योगिक एवं रोजगारोन्मुखी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। इससे उद्यमियों को अनुदान, सब्सिडी, कर प्रोत्साहन और अन्य सरकारी सुविधाओं के बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी, जिससे नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

उद्यमियों द्वारा बियाडा औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत संरचना की कमी, जलजमाव, सड़क एवं विद्युत व्यवस्था तथा मेंटेनेंस चार्ज जैसी समस्याओं को उठाने की संभावना है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना जाएगा। संबंधित विभागों को त्वरित और ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि उद्योगों के संचालन में कोई बाधा न आए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया है कि उद्यमी संवाद कार्यक्रम में संबंधित विभागों के सभी पदाधिकारियों के अतिरिक्त जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, डीएसपी (ट्रैफिक), नगर कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पीएचईडी, बुडको और ब्रेडा के पदाधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

इस उपस्थिति से उद्यमियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा और लंबित मामलों का शीघ्र निपटान होगा। जिलाधिकारी ने वैशाली जिले के सभी इच्छुक उद्यमियों से इस साप्ताहिक ‘उद्यमी संवाद कार्यक्रम’ में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics