पटना । भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने शनिवार को पटना उच्च न्यायालय परिसर में मल्टी बिल्डिंग प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखी। इस दौरान सीजेआई ने इंफ्रा स्ट्रक्चर पर जोर दिया, जो एक ऐसी न्याय प्रणाली की नींव रख सकता है जो बढ़ती आबादी, बढ़ते मुकदमों और बढ़ती जटिलता के विवादों की मांगों को पूरा कर सके।
उन्होंने कहा, न्याय इंसान करते हैं, मशीनें नहीं। बिहार में न्याय को कभी सिर्फ़ कठोर नियमों और कानून की किताब तक सीमित नहीं समझा गया। यहां न्याय बहुत ही मानवीय और नैतिक विचार है, जो सहानुभूति, ज़िम्मेदारी और सामाजिक समझ से बनता-बिगड़ता है।
बता दें कि मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत दो दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन उन्होंने पटना हाईकोर्ट में लगभग ₹302.56 करोड़ की लागत से बनने वाली कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत के पटना उच्च न्यायालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया ।
शनिवार को सीजेआई न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने पटना हाईकोर्ट परिसर में कई महत्वपूर्ण भवनों का शिलान्यास किया। इनमें एडीआर भवन, सभागार भवन, प्रशासनिक ब्लॉक, आवासीय परिसर, महिला अधिवक्ता कार्यालय का एक्सटेंशन भवन और अस्पताल भवन शामिल हैं।
एडीआर भवन और सभागार 8,055 स्क्वायर एरिया में होंगे। इनके बेसमेंट में 76 कार पार्किंग स्लॉट बनाए जाएंगे। भवन में पांच मध्यस्थता कक्ष, विभिन्न मंजिलों पर एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला सभागार, सम्मेलन कक्ष, प्रशिक्षण कक्ष, कैफेटेरिया और सुरक्षा से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं होंगी।
इसके अलावा मल्टी स्टोरी कार पार्किंग भवन का भी शिलान्यास किया गया, जिसमें 508 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। इन परियोजनाओं पर कुल 302.56 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
आज ही सीजेआई पुनपुन प्रखंड के पोठी (शहरी क्षेत्र) में बिहार न्यायिक अकादमी के नए कैंपस का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। यह कैंपस 38.77 एकड़ जमीन में विकसित किया जाएगा। यहां न्यायिक अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए मॉडर्न सुविधाओं से युक्त भवन बनाए जाएंगे।
कैंपस में नया जजेज गेस्ट हाउस, प्रशासनिक भवन, 1,166.38 वर्गमीटर में आवासीय भवन, 1,075 वर्गमीटर में हाई-स्पीड सभागार भवन और जी+4 अस्पताल भवन के निर्माण की योजना है।
वहीं, शुक्रवार को पटना पहुंचने के बाद सीजेआई न्यायमूर्ति सूर्यकांत पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के आवास पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर की ओर से प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट और पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के साथ-साथ वरिष्ठ अधिवक्ता और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
#anugamini
No Comments: