गंगटोक : अपने सतत और जिम्मेदार पर्यटन में शानदार उपलब्धियों के जरिए राज्य को गौरवान्वित करते हुए सिक्किम पर्यटन राष्ट्रीय पहचान हासिल कर रहा है। राज्य के प्रतिष्ठित गोइचाला-जोंगरी सर्किट को आउटलुक ट्रैवलर अवार्ड्स 2025 में सर्वश्रेष्ठ ट्रेकिंग सर्किट के लिए गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया गया है। विगत 22 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में राज्य के पर्यटन, नागरिक उड्डयन एवं उद्योग मंत्री टीटी भूटिया ने यह सम्मान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि में एक और कड़ी जोड़ते हुए, सिक्किम पर्यटन को सतत वन्यजीव पर्यटन के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य का सैंचुअरी एशिया अवार्ड भी प्रदान किया गया है। टीओएफटी वाइल्डलाइफ एंड नेचर टूरिज्म द्वारा सैंचुअरी नेचर फाउंडेशन के साथ साझेदारी में प्रस्तुत यह प्रतिष्ठित सम्मान, संरक्षण-आधारित, समुदाय-संचालित और जिम्मेदार पर्यटन प्रथाओं के प्रति सिक्किम की अनुकरणीय प्रतिबद्धता को स्वीकार करता है। यह पुरस्कार 12 दिसंबर को राज्य की ओर से पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन अध्यक्ष नोरगे लाचुंग्पा ने प्राप्त किया।
ये राष्ट्रीय सम्मान राज्य सरकार, स्थानीय समुदायों और पर्यटन हितधारकों के सामूहिक प्रयासों को दर्शाते हैं, जो देश में सतत, साहसिक, समावेशी और वन्यजीव पर्यटन के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में सिक्किम की स्थिति की पुष्टि करते हैं। पवित्र डेनजोंग गुएनकी ल्होपोई गाटोन उत्सव के शुभ अवसर पर ये प्रतिष्ठित पुरस्कार औपचारिक रूप से एक समारोह में सिक्किम के मुख्यमंत्री को मंत्री टीटी भूटिया, अतिरिक्त मुख्य सचिव सीएस राव, अध्यक्ष नोरगे लाचुंग्पा, सचिव श्रीमती होंडाला ग्यालछेन और पीसीइ सह पर्यटन सचिव नीरज प्रधान द्वारा सौंपे गए।
$anugamini #sikkim
No Comments: