फिर से जंगलराज रोकिए, उद्योगों वाला बिहार बनाएंगे : अमित शाह

छपरा । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। शुक्रवार को छपरा में सभा को संबोधित करने के बाद अमित शाह पटना के ज्ञान भवन पहुंचे। यहां वे प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने लालू-राबड़ी के पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, लालू नए चेहरे और नए कपड़े बदलकर फिर से जंगलराज लाना चाहते हैं। इसे रोकना होगा।

इसके साथ ही उन्होंने एनडीए सरकार के कामों को गिनाया। शाह ने कहा, बिहार 1.0 में नीतीश बाबू सुशासन लेकर आए। बिहार 2.0 जब नीतीश-मोदी जी की सरकार आई तब और विकास के काम हुए। बिहार में आज बिजली कटौती कोई ढूंढ नहीं सकता है। गंगा के ऊपर पुलों का निर्माण हुआ। बिहार 2.0 में बड़े-बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर बने। बरौनी रिफाइनरी बना। दरभंगा में एम्स बना। 4 नए एयरपोर्ट बने। हजारों किलोमीटर रोड बने।

उन्होंने कहा, पटना की कनेक्टिविटी को तेज किया। इससे बिहार के विकास को नई गति मिली। अब समय है बिहार 3.0 का। अगर आप फिर से जंगलराज को रोक देते हैं, हम उद्योग युक्त बिहार बनाएंगे। बिहार में रोजगार बड़ी समस्या है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने तेजस्वी यादव के हर घर सरकारी नौकरी के दावे को फेल बताया। उन्होंने कहा, मैंने हाल में एक वीडियो देखा मुझे लगा एआई जनरेटेड वीडियो होगा। बाद में मैंने जांच करवाई अरे ये वीडियो असली निकला। लालू जी के बेटे हर घर में सरकारी नौकरी देने का वादा कर रहे हैं। बिहार में 2 करोड़ 80 लाख घर हैं। 20 लाख नौकरी दी गई है। 2 करोड़ 60 लाख लोग बचे। 2 करोड़ 60 लाख लोगों को हर घर से नौकरी देनी होगी।

अमित शाह ने कहा, ग्रेड में भी नौकरी देंगे तो भी एवरेज सैलरी होती है 40 हजार। 12 लाख करोड़ रुपए चाहिए। बिहार का बजट ही 3 लाख करोड़ रुपए है। ऐसे बिहार के युवाओं को बरगलाओगे। उन्होंने कहा, आपका मतलब मैं समझ रहा हूं, लेकिन बिहार के लोगों के पास तो दिमाग है। एक तो बजट को 4 गुना बढ़ाना होगा। सबसे बड़ी बात पैसा कहां से लाओगे। आपके पिता जी का जमाना चला गया। तेल पिलावन लाठी चलाकर वो जमाना गया। भारत नहीं पूरी दुनिया को बदलने की क्षमता बिहार में है।

अमित शाह ने कहा, अर्थव्यवस्था को हमने सुधार। भारत का महंगाई दर सबसे कम है। दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था एक ही है भारत। पूरी दुनिया भारत का सम्मान कर रही है। उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर में 370 हटाई। आतंकी हमलों का कोई जवाब देने वाला नहीं था। हमारी सरकार ने उन्हें घर में घुसकर मारा। उनके अड्‌डों को तहस-नहस कर दिया। तीन तलाक खत्म कर मुस्लिम बहनों को अधिकार दिया। अयोध्या जी में 350 साल बाद राम मंदिर बनाया।

लालू-राबड़ी के शासनकाल को लेकर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, आजादी की लड़ाई में बिहार का अहम योगदान है। बिहार बीमारू और पिछड़ा राज्य कैसे बन गया था। हमें ये आज सोचने की जरूरत है। मां गंगा की कृपा है। 50 फीट नीचे पानी है। मेहनतकश इंसान भी हैं, बुद्धिमता में हम किसी से कम नहीं है। क्या हो गया कि बिहार को लोग पिछड़ा कहने लगे।

अमित शाह ने पूछा, ये कौन सा कालखंड था, जिसमें बिहार की प्रतिष्ठा का पतन हुआ। ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं है।

इससे पहले अमित शाह शुक्रवार को छपरा में बीजेपी कैंडिडेट्स के नॉमिनेशन में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने सभा को संबोधित किया। शाह ने लोगों से कहा कि, आप बिना डरे, बिना किसी के दबाव में आए एनडीए को खुलकर वोट कीजिए। बिहार में विकास सिर्फ हमारी सरकार ही कर सकती है दूसरा कोई नहीं।

#anugamini #bihar

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics