सीएम नीतीश ने 16 लाख मजदूरों को दिए ₹5 हजार

मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा पोर्टल का भी शुभारंभ

पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को श्रमिकों के हित में एक बड़ी पहल की है। बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत वार्षिक वस्त्र सहायता योजना की राशि का सीधा अंतरण किया गया।

इस योजना के तहत राज्य के 16 लाख 4 हजार 929 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को प्रति व्यक्ति 5 हजार रुपये की दर से कुल 802 करोड़ 46 लाख 45 हजार रुपये उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए।

सरकार का दावा है कि इस पहल से निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के जीवनस्तर को सुधारने में मदद मिलेगी। आर्थिक सहायता मिलने से जहां श्रमिकों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत होगी, वहीं उनका सामाजिक और आर्थिक विकास भी संभव होगा।

कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री आवास संकल्प में किया गया, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ दोनों उपमुख्मंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिंह मौजूद रहे। श्रम संसाधन विभाग के मंत्री समेत अन्य अधिकारी भी इस मौके पर शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शुरू से ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है और यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इस पोर्टल के जरिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक अधिक पारदर्शी और त्वरित ढंग से पहुंच सकेगा। नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि गरीब और वंचित वर्ग के लोग सम्मानजनक जीवन जी सकें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार में श्रमिक वर्ग राज्य की प्रगति की रीढ़ है। ऐसे में उनके अधिकारों और जरूरतों की पूर्ति करना सरकार की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस तरह की योजनाएं श्रमिकों को मजबूती देंगी और उनके बच्चों का भविष्य भी बेहतर होगा।

इस मौके पर मौजूद उपमुख्मंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिंह ने भी श्रमिक हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics