गेजिंग-देंताम मुख्य मार्ग फिर से खुला

गेजिंग : 2023 में भारी बारिश के बाद बंद हुआ गेजिंग से देंताम तक का मुख्य मार्ग अब पूरी तरह खुल गया है। यह मार्ग जून 2023 से ही बड़े भूस्खलन के कारण बंद था। विशेष रूप से  देंताम पेट्रोल पंप के नीचे कॉलेज खोला तक हुए भूस्‍खलन के कारण यह बाधा उत्‍पन्‍न हुई थी।

बरसात के मौसम में इसांगे नदी के तेज बाढ़ कॉलेज खोला तक पहुंच जाने के कारण इस इलाके की भौगोलिक संरचना बिगड़ गई। नतीजतन, देंताम पुल के पास सड़क के हिस्से पर बड़ा भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। यात्रियों और वाहन चालकों को मजबूरन इंटेक न्यू ब्रिज का वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ा, जिससे जीवन मुश्किल हो गया।

इस समस्या के समाधान के लिए मानेबुंग-देंताम निर्वाचन क्षेत्र के विधायक सुदेश कुमार सुब्बा की सतत पहल, संबंधित विभागों के समन्वय और स्थानीय ठेकेदार एनबी छेत्री के सक्रिय प्रयासों से आखिरकार इस मुख्य सड़क पर ब्लैकटॉप का काम पूरा हो गया है। नदी के वेग को नियंत्रित करने के लिए स्थायी बांध बनाए गए हैं तथा सड़क के किनारे एक रिटेनिंग वॉल भी तैयार की गई है, जिसके बनने से भविष्य में भूस्खलन का खतरा कम होने की संभावना जताई जा रही है।

इससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों तथा वाहन चालक समुदाय में काफी खुशी व संतोष है। इस भीषण भूस्खलन से कुछ परिवार भी विस्थापित हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। तदनुसार, राज्य के सड़क एवं पुल विभाग के मंत्री एनबी दहाल स्वयं सचिव तथा विभागीय अभियंता के साथ बार-बार निरीक्षण के लिए यहां आते रहे।

ठेकेदार एनबी छेत्री ने जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास से कार्य जारी रखा तथा अंततः 11 महीने की कड़ी मेहनत के बाद सड़क की मरम्मत कर दी। सड़क के चालू होने के बाद गेजिंग, पेलिंग होते हुए देंताम को जोड़ने वाला परिवहन नेटवर्क एक बार फिर बहाल हो गया है। स्थानीय लोगों ने इस तरह की व्यवस्था के निर्माण में शामिल सभी लोगों का दिल से आभार व्यक्त किया है। यह सड़क न केवल परिवहन की दृष्टि से, बल्कि सामाजिक और आर्थिक जीवनशैली को सुविधाजनक बनाने की दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है।

#anugamini #sikkim

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics