गंगटोक : मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) के निर्देश पर राज्य सरकार ने पर्यावरण संरक्षण और कृषि विकास के क्षेत्र में एक नया कदम उठाया है। कनेक्ट टू अर्थ पहल के तहत पर्यटन मंत्री छिरिंग टी भूटिया ने शनिवार को इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, साजोंग के रूम्तेक परिसर में बड़े पैमाने पर पौधरोपण और सब्जी खेती अभियान की शुरुआत की।
यह पहल वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री गोले द्वारा शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य मानव और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से सिक्किम को पर्यावरण प्रेमियों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें परिवार सदस्यता आधारित प्रणाली के माध्यम से छोटे भूखंड आरक्षित कर खेती कर सकते हैं। सिक्किम राज्य के 50 वर्षों के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार ने इस पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण को अपनी दीर्घकालिक स्थिरता रणनीति का मुख्य हिस्सा बनाया है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री छिरिंग टी भूटिया ने अधिकारियों की टीम के साथ मिलकर आईएचएम साजोंग परिसर की बंजर भूमि पर पौधरोपण और सब्जी की खेती की शुरुआत की। इस अभियान में कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया, जिनमें कृषि, बागवानी, पशुपालन, पशु चिकित्सा सेवा और मत्स्य पालन विभाग के मंत्री पुरन कुमार गुरुंग, पर्यटन विभाग के सलाहकार और विधायक सुदेश कुमार सुब्बा, अतिरिक्त मुख्य सचिव सीएस राव, प्रधान मुख्य अभियंता नीरज प्रधान, सचिव श्रीमती होन्डाला ग्याल्छेन, आईएचएम की प्रशासक डॉ. प्रेरणा चामलिंग, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
इस पहल के माध्यम से राज्य में वन आवरण में निरंतर वृद्धि देखी जा रही है, जो सिक्किम के पर्यावरण को और मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) ने इस पहल को प्रकृति और मातृत्व के प्रति एक श्रद्धांजलि बताया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त और हरा-भरा सिक्किम छोड़ने का वचन है।
#anugamini #sikkim
No Comments: