गंगटोक : केंद्र में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य पर आज सिक्किम में बड़े उत्साह के साथ जश्न मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से यहां एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया गया। इस संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा (Pabitra Margherita) भी शामिल हुए।
केंद्रीय राज्यमंत्री मार्गेरिटा ने पत्रकारों के समक्ष पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की यात्रा का विस्तृत ब्यौरा साझा करते हुए साफ शब्दों में कहा कि इन 11 सालों ने भारत की सूरत पूरी तरह बदल दी है। असम से सांसद पबित्रा मार्गेरिटा ने इस अवधि को बड़े बदलाव और प्रगति का समय बताया। उन्होंने कहा, पीएम मोदी के मजबूत और स्पष्ट नेतृत्व में भारत ने हर कोने में सच्चा विकास देखा है और समाज के हर वर्ग को शामिल किया गया है। उन्होंने सरकार के आदर्श वाक्य- “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” को दोहराया और कहा कि यह सिर्फ एक नारा नहीं बल्कि जमीनी हकीकत है।
केंद्रीय राज्यमंत्री मार्गेरिटा ने खास तौर पर भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास का जिक्र करते हुए बताया कि 2014 में दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत आज 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। यह लगातार सुधारों और मजबूत नीतियों के कारण संभव हुआ है। अप्रैल 2014 से सितंबर 2024 के बीच देश में रिकॉर्ड तोड़ 709 बिलियन डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ है।
इसके अलावा, पबित्रा मार्गेरिटा ने कृषि, रोजगार, समाज कल्याण, बुनियादी ढांचा एवं अन्य विकास कार्यों का आंकड़ा पेश करते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों पर सबसे अधिक ध्यान देते हुए 2014 से अब तक कृषि बजट लगभग छह गुना बढ़ाया है। उन्होंने पीएम किसान योजना के तहत किसानों के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरण, फसलों के लिए एमएसपी वृद्धि की जानकारी दी। वहीं, पबित्रा मार्गेरिटा ने युवा रोजगार पहल का जिक्र करते हुए कहा कि स्किल इंडिया मिशन के तहत 2.27 करोड़ से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण मिला है। युवाओं को रोजगार योग्य बनाने में मदद करने के लिए सरकार ने 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं। नतीजतन, 4.1 करोड़ से अधिक युवाओं को नौकरी मिली है या उन्होंने अपना खुद का काम शुरू किया है। उन्होंने कहा कि देश में स्टार्टअप की संख्या में भी काफी वृद्धि हुई है।
इसके अलावा, पबित्रा मार्गेरिटा ने आगे कहा कि पीएम मोदी के विजन ने परिवहन क्षेत्र में भी वास्तविक क्रांति ला दी है और राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 2014 में 91287 किलोमीटर से बढक़र आज 146204 किलोमीटर हो गई है। 2014 में भारत में 74 हवाई अड्डे थे जो अब बढ़कर 157 हो गई हैं। इसके साथ, भारतीय रेलवे में भी बड़े बदलाव हुए हैं। 2014 से पहले 60 सालों में जहां केवल 21000 किलोमीटर रेल लाइनों का विद्युतीकरण हुआ था, वहीं पिछले 11 सालों में ही 47000 किलोमीटर से ज़्यादा रेल लाइनों का विद्युतीकरण हुआ है। नई पटरियाँ बिछाने का काम भी दोगुना हो गया है। भारत की सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस एक और उपलब्धि है। आज, देश भर में 136 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। पबित्रा मार्गेरिटा ने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज चेनाब ब्रिज जैसे इंजीनियरिंग चमत्कारों और अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धियों का भी ज़िक्र किया। उन्होंने सरकार के फोकस की वजह से शांति और सुरक्षा कायम होने की बात कहते हुए बताया कि उग्रवाद से जुड़ी हिंसा में 70 प्रतिशत की कमी आई है और नागरिकों की मौतों में 85 प्रतिशत की कमी आई है।
पबित्रा मार्गेरिटा ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 11 वर्षों में वास्तव में भारत को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि इस परिवर्तन ने सभी को प्रभावित किया है – किसान, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, गरीब और यहां तक कि दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोग भी। उनके अनुसार, यह यात्रा केवल विकास के बारे में नहीं है, बल्कि जीवन बदलने और एक नए भारत के निर्माण के बारे में है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह 11 साल की यात्रा अभी शुरुआत है और आने वाले वर्षों में भारत मजबूत, अधिक एकजुट और अधिक समृद्ध होता रहेगा।
#anugamini #sikkim
No Comments: