श्रीनगर (ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर में 2019 के पुलवामा अटैक के बाद सबसे बड़ा आतंकी हमला हुआ है। आतंकियों ने मंगलवार को पर्यटकों पर फायरिंग की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक यूएई और एक नेपाल का पर्यटक और 2 स्थानीय नागरिक शामिल हैं। बाकी पर्यटक यूपी, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के हैं। ये पहली बार नहीं है जब आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों को अपना निशाना बनाया है। इससे पहले भी इस तरह के हमले घाटी में हो चुके हैं।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 2.45 बजे पहलगाम की बैसारन घाटी में हुई। आतंकवादियों की संख्या तीन से चार बताई जा रही है जो सेना और पुलिस जैसी वर्दी में थे। सभी के पास एके-47 और अन्य हथियार थे। आतंकी हमले में एक आईबी ऑफिसर की भी मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, आईबी अफसर का नाम मनीष रंजन बताया जा रहा है, जो हैदराबाद में आईबी के सेक्शन ऑफिसर के पद पर तैनात थे। वह बतौर विजिटर कश्मीर गए थे। इसके अलावा भारतीय नौसेना के एक अधिकारी की भी मौत इस हमले में हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकियों ने यूपी से आए शुभम द्विवेदी से नाम पूछा, फिर उसके सिर में गोली मार दी। शुभम की दो महीने पहले ही शादी हुई थी। वो हनीमून पर यहां आया था।
आतंकियों ने दूसरे पर्यटकों पर फायरिंग करते हुए भाग निकले। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा ने ली है। प्रशासन ने आतंकी हमले में एक मौत की बात कही थी, लेकिन करीब 4 घंटे बाद न्यूज एजेंसी ने 26 मौतों की जानकारी दी। घटना में 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पहलगाम में हमले वाले इलाके को घेर लिया है। हेलिकॉप्टर से भी नजर रखी जा रही है।
आतंकी हमले में रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया की भी गोली लगने से मौत हो गई। उन्होंने स्थानीय अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
आतंकी हमले के बाद से सेना ने पहलगाम में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सेना के जवान आसपास के सभी इलाकों में गश्त कर ये पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हमले को अंजाम देने के बाद आतंकी कहां फरार हो गए हैं। सेना के जवानों ने अलग-अलग टीम में पूरे इलाके को घेर लिया है। गश्ती जारी है।
बता दें कि इस हमले को पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने अंजाम दिया है। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय इस आतंकी संगठन को खड़ा करने के पीछे भी पाकिस्तान का ही हाथ है। आर्टिकल 370 को निरस्त किए जाने और जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा रद्द करने के बाद टीआरएफ की शुरुआत लश्कर की ऑनलाइन यूनिट के रूप में हुई थी।
अनंतनाग पुलिस ने पर्यटकों के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 9596777669 और 01932225870 जारी किए हैं। इसके अलावा वॉट्सऐप नंबर 9419051940 जारी किया है। श्रीनगर पुलिस की हेल्प डेस्क इमरजेंसी नंबर 0194-2457543, 0194-2483651, एडीसी श्रीनगर आदिल फरीद का नंबर 7006058623 जारी किया है।
मरने वालों के नाम 1. मनुज नाथ (कर्नाटक) 2. शिवम मोगा (कर्नाटक) 3. लेफ्टिनेंट विंजय नरवाल (हरियाणा) 4. शुभम द्विवेदी (यूपी) 5. दिलीप डेसले (महाराष्ट्र) 6. अतुल मोहने (महाराष्ट्र) 7. सैयद हुसैन शाह (अनंतनाग) 8. सुदीप नेवपाने (नेपाल) 9. बिटन अधकेरी उधवानी कुमार (यूएई) 12. संजय लेले 13. हिम्मत कलाथय 14. प्रशांत कुमार 15. मनीष रंजन (हैदराबाद) 16. रामचन्द्रन 17. शलिंदर कल्पिया 18. दिनेश मिरानिया (छत्तीसगढ़)
घायलों के नाम 1. विनो भट्ट (गुजरात) 2. एस बालचंद्रू (महाराष्ट्र) 3. अभिजवन राव (कर्नाटक) 4. संतरू (तमिलनाडु) 5. साहसी कुमारी (उड़ीसा) 6. डॉ. परमेश्वर 7. माणिक पाटिल 8. रिनो पांडे
#anugamini
No Comments: