केंद्र में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, मनदीप के. भंडारी को सीबीएसई की कमान

नई दिल्ली । केंद्र सरकार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। इसके तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मनदीप के. भंडारी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति को कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने मंजूरी दी है। कार्मिक मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

मनदीप भंडारी 2001 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेशों वाले कैडर से आते हैं। सीबीएसई का अध्यक्ष बनने से पहले वह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के तौर पर काम कर रहे थे।

अब तक सीबीएसई अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम के पास था। उन्हें दो जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव बनाया गया था। इसके साथ ही उन्हें सीबीएसई अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। लोखंडे प्रशांत सीताराम को दो जून को सीबीएसई का प्रमुख बनाया गया था। उस समय बोर्ड में ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली को लेकर विवाद था। इसी बीच तत्कालीन अध्यक्ष को पद से हटा दिया गया था। इसके बाद सीताराम को सीबीएसई की जिम्मेदारी दी गई थी।

केंद्र सरकार के इस फेरबदल में कई दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां मिली हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार को ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। वहीं हाइड्रोकार्बन महानिदेशक श्रीकांत नागुलापल्ली अब व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव होंगे। वी. पोन्नूराज को हाइड्रोकार्बन का महानिदेशक बनाया गया है। वह 2000 बैच के कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। सरिता चौहान चंद को इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार बनाया गया है।

आनंद सिंह को आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। पी. हेमलता को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी मिली है। पीयूष सिंह बिजली मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव होंगे। अंकिता मिश्रा बुंदेला को उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। वहीं मनीषा सेंसरमा को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

Next Post

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics