 
                    कहा- जनता ने एसकेएम सरकार को फिर से सत्ता सौंपने का बना लिया है मन
गंगटोक, 28 फरवरी । मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) का कहना है कि हमने लोगों को रियायतें देकर विकास नहीं किया है। विकास और रियायतों में अंतर है और हमारा लक्ष्य हर घर तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा कर लोगों के जीवन में खुशहाली लाना है।
जन भरोसा सम्मेलन के तीसरे दिन आज गंगटोक, मंगन और पाकिम जिलों के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री गोले ने यह बातें कही। गौरतलब है कि आज से राज्य के सभी छह जिलों का जन भरोसा सम्मेलन संपन्न हो गया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सिक्किम देश का पहला राज्य है जो लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से घर-घर तक पहुंच कर रियायतें वितरित करता है। ऐसे में अब सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि हरेक राज्य वासी को किसी ने किसी योजना का लाभ मिले जिससे कि वे किसी राजनीतिक पूर्वाग्रह का शिकार न हों।
उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सभी लोग समान हैं और एसकेएम के सत्ता में आने के बाद से ही आम लोगों को पार्टी और राजनीति का शिकार बनाने की कुप्रथा समाप्त हो गई है। उन्होंने प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में कम से कम पांच हजार परिवारों के सरकार से सीधे लाभान्वित होने का दावा भी किया।
वहीं, अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण के संबंध में मुख्यमंत्री गोले ने कहा कि सरकार ने किसी को भी बाहर नहीं किया है और जो इससे छूट गए हैं उन्हें भी दूसरे चरण में शामिल किया जाएगा। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए पंचायतों को निर्देश दिये जाने की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि अब लोगों ने सिक्किम क्रांतिकारी मार्चा पार्टी की सरकार को फिर से सत्ता में लौटाने का मन बना लिया है।
एसकेएम सरकार के कार्यों एवं भावी योजनाओं के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि सिक्किम को कच्चे और झोपड़ी मुक्त राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ पिछले चार वर्षों में लगभग चार हजार घरों का निर्माण करने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक पंचायत वार्ड में कम से कम पांच और घर बनाए जाएंगे। इसके साथ सरकार शहरी क्षेत्रों में भी घर बनाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा लोगों के आर्थिक सुधार हेतु सिक्किम को उच्च शिक्षा का केंद्र बनाकर रोजगार और आर्थिक उन्नति के प्रचुर अवसर पैदा किये जा रहे हैं और आने वाले दिनों में इसके परिणाम भी मिलेंगे। उन्होंने राज्य में लगभग 27-28 विश्वविद्यालयों एवं खेल परियोजनाओं से पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में समृद्धि आने के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि अब सिक्किम के युवा न केवल आर्थिक रूप से सुरक्षित होंगे, बल्कि स्वरोजगार भी करेंगे।
इस दौरान, विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री गोले ने कहा कि सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा पार्टी की लोकप्रियता को देखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्षी दलों की जमानत भी जब्त हो जाएगी। साथ ही उन्होंने पार्टी को हर बूथ से जिताने का आह्वान किया।
#anugamini #sikkim
 
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
         
         
         
        
No Comments: