मंगन : मंगन जिले के तुंग-नागा ग्राम पंचायत इकाई (जीपीयू) के अंतर्गत तुंग, नागा और रेल के तीन वार्डों के लागों के पुनर्वास को लेकर सोमवार को जिला प्रशासनिक केंद्र (डीएसी), मंगन में समन्वय बैठक आयोजित की गई। मंगन ब्लॉक प्रशासनिक केंद्र (बीएसी) की ओर से आयोजित इस बैठक में 3 अक्टूबर 2023 को ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (ग्लोफ) से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और सिक्किम गरीब आवास योजना (एसजीएवाई) के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
बैठक में सामाजिक कल्याण विभाग के मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक साम्दुप लेप्चा, सिक्किम कल्याण आयोग के अध्यक्ष निम छिरिंग लेप्चा, मंगन के जिलाधिकारी अनंत जैन, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट पेमा वांगचेन नामकार्पा, मंगन के एडीसी (विकास) कर्मा थेंदुप भूटिया, चुंगथांग के एसडीएम अरुण छेत्री, डीडीएमए के संयुक्त निदेशक कर्मा दोरजी भूटिया, चुंगथांग के एसीएफ नोरदेन जांगपो भूटिया, मंगन के बीडीओ कैलाश थापा, पंचायत अध्यक्षों, जिला एवं ग्राम पंचायत सदस्यों, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अभियंताओं तथा बीएसी मंगन के अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बीडीओ कैलाश थापा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने बैठक के उद्देश्य और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास से जुड़े प्रमुख मुद्दों की जानकारी दी।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री साम्दुप लेप्चा ने कहा कि नागा में पुनर्वास प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने ग्लोफ प्रभावित परिवारों के लिए सिक्किम गरीब आवास योजना के तहत 122 मकान आवंटित करने के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंत्री ने कहा कि 3 अक्टूबर 2023 को ग्लोफ से हुए नुकसान के अलावा कई परिवारों के घरों को बार-बार आई प्राकृतिक आपदाओं से भी क्षति पहुंची है। ऐसे मामलों का निर्धारित दिशा-निर्देशों और पात्रता मानदंडों के अनुसार सत्यापन कर योजना में शामिल किए जाने की संभावना पर विचार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र प्रभावित परिवार को एक आवास उपलब्ध कराना है और मकानों का निर्माण सरकार द्वारा निर्धारित मानकों एवं डिजाइन के अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने प्रभावित समुदायों को प्रशासन की ओर से निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों की सराहना की। मंत्री ने सिंघिक, चुंगथांग और लाचेन जैसे क्षेत्रों में आपदाओं से हुए नुकसान का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रभावित लोगों की समस्याओं पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने संबंधित प्रावधानों के तहत प्रभावित क्षेत्रों के लिए अनुग्रह राशि देने के मामले की भी जांच करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बैठक को कठिन परिस्थितियों के बाद पुनर्वास और पुनर्प्राप्ति की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
मंगन के एडीसी (विकास) कर्मा थेंदुप भूटिया ने बताया कि तुंग-नागा जीपीयू के अंतर्गत 122 लाभार्थियों का निर्धारित एसजीएवाई दिशा-निर्देशों के अनुसार सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया और पात्रता मानदंडों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि योजना के तहत पात्र परिवारों तक लाभ पहुंचाने के लिए दोहरी प्रविष्टियों वाले मामलों की जांच की जाएगी।
सिक्किम कल्याण आयोग के अध्यक्ष निम छिरिंग लेप्चा ने ग्लोफ प्रभावित परिवारों के लिए 122 आवास उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि पुनर्वास के लिए सानु भोजोघारी में चिन्हित भूमि की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने अनुरोध किया कि मकानों का निर्माण एसजीएवाई के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाए। लाभार्थी भविष्य में लागू नियमों के अधीन अपने खर्च पर मकानों में अतिरिक्त सुधार कर सकेंगे।
मंगन के बीडीओ कैलाश थापा ने अपने संबोधन में 3 अक्टूबर 2023 को आए ग्लोफ से तुंग और नागा वार्डों पर पड़े प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बैठक का प्रमुख उद्देश्य पुनर्वास स्थल, एसजीएवाई मानकों के अनुसार लाभार्थियों के नाम शामिल करने तथा मकानों के तकनीकी डिजाइन और विनिर्देशों से संबंधित मुद्दों को स्पष्ट करना था। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायत से आवश्यकता पड़ने पर ग्राम सभा बुलाने और प्रशासन के साथ विचार-विमर्श कर प्रस्ताव पारित करने का भी आग्रह किया, ताकि प्रभावित परिवारों की चिंताओं का उचित समाधान हो सके। बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने प्रस्तावित पुनर्वास प्रक्रिया पर अपने विचार रखे और रचनात्मक सुझाव दिए। अंत में बीडीओ कैलाश थापा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
No Comments: