सड़क हादसों पर अंकुश लगाने को जिला प्रशासन सख्त

जिला कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा उपायों की प्रगति की समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

गेजिंग : जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला प्रशासनिक केंद्र में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर तेनजिंग डी. डेन्जोंग्‍पा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले की सड़कों की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, अवैध पार्किंग, यातायात जाम और सडक़ सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत 31 मार्च 2026 को आयोजित पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा के साथ हुई। जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों से सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सडक़ सुरक्षा की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकालने पर जोर दिया।

बैठक में विशेष रूप से शॉर्टकट मार्गों और दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील सडक़ों की स्थिति पर चर्चा हुई। ऐसे स्थानों पर कॉन्वेक्स मिरर, क्रैश बैरियर और आवश्यक यातायात संकेतक लगाने के सुझावों पर विचार किया गया। इसके अलावा जिला अस्पताल, टैक्सी स्टैंड और विद्यालयों के आसपास सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग, सामान चढ़ाने-उतारने और यातायात जाम की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। समिति ने वाहनों और पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पार्किंग व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता जताई।

जिला कलेक्टर ने यातायात नियमों के पालन, नशे में वाहन चलाने की घटनाओं पर रोक, वाहनों के प्रदूषण की जांच और सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही सडक़ दुर्घटनाओं के आंकड़ों की नियमित समीक्षा, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की पहचान और सुधारात्मक कदम उठाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में वाहनों के अंदर संपर्क नंबर प्रदर्शित करने तथा वाहन संबंधी संपर्क जानकारी उपलब्ध कराने के लिए बारकोड प्रणाली अपनाने की संभावना पर भी विचार किया गया। डीसी ने वार्षिक सडक़ सुरक्षा कार्ययोजना के अनुरूप प्रत्येक तीन महीने में समिति की बैठक आयोजित करने तथा बैठकों की कार्यवाही रिपोर्ट और कार्रवाई संबंधी अद्यतन रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर टैक्सी एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने भी सड़क की स्थिति, पार्किंग और यातायात प्रबंधन से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव रखे। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नामग्याल भूटिया, सड़क एवं पुल विभाग के अधीक्षण अभियंता विकास प्रधान, एसडीपीओ बिमल कुमार गुरुंग, एसआरटीओ राम हांग सुब्बा, मंडलीय अभियंता संतोष सिंह, कनिष्ठ अभियंता उपेंद्र गुरूंग, गेजिंग मेन लाइन टैक्सी ड्राइवर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्मण छेत्री, लोकल टैक्सी ड्राइवर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष धनपति शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics