सिक्किम इंस्पायर्स के तहत रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण शुरू

गंगटोक : सिक्किम सरकार ने राज्य के युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। विश्व बैंक के सहयोग से संचालित सिक्किम इंस्पायर्स (इंटीग्रेटेड सर्विस प्रोविजन एंड इनोवेशन फॉर रिवाइविंग इकोनॉमीज) कार्यक्रम के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना, उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका के अवसर विकसित करना है।

राज्य के कौशल विकास विभाग द्वारा संचालित इस कार्यक्रम के अंतर्गत छह प्राथमिक क्षेत्रों में उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें ब्यूटी एंड वेलनेस, पर्यटन एवं आतिथ्य सेवा, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी-आईटीईएस), ग्रीन जॉब्स, बाल एवं बुजुर्ग देखभाल तथा क्रिएटिव डिजाइन शामिल हैं। बदलती औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए आधुनिक तकनीक और भविष्य में रोजगार की संभावनाओं वाले नए पाठ्यक्रमों को भी कार्यक्रम में शामिल किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत कई अधिकृत प्रशिक्षण संस्थानों ने अपनी गतिविधियां शुरू कर दी हैं। गंगटोक के रानीपूल स्थित 9 माइल, नामली में मेधावी फाउंडेशन द्वारा बुजुर्गों की संस्थागत एवं घरेलू देखभाल तथा सोलर पीवी इंस्टॉलर-इलेक्ट्रिक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

नामची जिले के नागी नामथांग में रेडिएंट इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्किल डेवलपमेंट द्वारा डिजिटल मित्र का प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। इसी स्थान पर वोन इंडिया सर्विस लिमिटेड ने सोलर पीवी इंस्टॉलर (सूर्य मित्र) का प्रशिक्षण शुरू किया है। वहीं कुबेर वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मेल्ली दारा स्थित सरकारी आजीविका विद्यालय में ग्राफिक डिजाइनर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सोरेंग जिले के मंगलबारिया स्थित गवर्नमेंट लाइवलीहुड स्कूल में पॉजिट्रॉन इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन द्वारा जेरियाट्रिक केयर असिस्टेंट का प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। इसी संस्थान द्वारा गेजिंग जिले के देंताम स्थित गवर्नमेंट लाइवलीहुड स्कूल में गेस्ट सर्विस एसोसिएट (बरिस्ता) का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

इसके अलावा नामची के लोअर तनाक में एसेंसिव एजुकेयर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा हेयरड्रेसर एवं स्टाइलिस्ट का प्रशिक्षण शुरू किया गया है। गंगटोक के सामदोंग स्थित जुरासिक पार्क में रीगल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज द्वारा फूड एंड बेवरेज क्षेत्र में गेस्ट सर्विस एसोसिएट का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विभाग के अनुसार राज्य के अन्य प्रशिक्षण केंद्रों में भी जल्द ही विभिन्न पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इस बीच कौशल विकास विभाग के अवर सचिव के नेतृत्व में एक टीम ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षण केंद्रों की तैयारियों, आधारभूत संरचना, उपलब्ध सुविधाओं और प्रशिक्षण की गुणवत्ता का आकलन करना था।

इस दौरान, टीम ने प्रशिक्षण व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों से बातचीत की। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि प्रशिक्षण उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप हो, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को रोजगार प्राप्त करने में आसानी हो।

निरीक्षण के दौरान अवर सचिव ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से बातचीत की और उन्हें सिक्किम इंस्पायर्स कार्यक्रम के उद्देश्यों तथा लाभों की जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षुओं से पूरी लगन और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण पूरा करने तथा अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया। बताया गया है कि सिक्किम इंस्पायर्स कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार युवाओं को आधुनिक कौशल से सुसज्जित कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने के साथ राज्य में टिकाऊ आर्थिक विकास को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics