सिक्किम-दार्जिलिंग अलग, भविष्य भी अलग: राजू बिष्ट

'विलय नहीं, सहयोग का रास्ता'

गंगटोक : दार्जिलिंग के सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा सिक्किम भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राजू बिष्ट ने स्पष्ट किया है कि सिक्किम और दार्जिलिंग के विलय का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 371एफ एक स्थायी प्रावधान है और भाजपा इसका अक्षरश: सम्मान करती रहेगी।

सिक्किम भाजपा के प्रदेश प्रभारी का दायित्व संभालने के बाद सोमवार को सिंगताम में पार्टी कार्यकर्ताओं की अपनी पहली संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए बिष्ट ने कहा कि सिक्किम और दार्जिलिंग का इतिहास भले ही जुड़ा रहा हो, लेकिन दोनों का वर्तमान और भविष्य अलग है। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्र एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे और सहयोग करेंगे, लेकिन एक-दूसरे के राजनीतिक क्षेत्र में हस्तक्षेप नहीं करेंगे।

राजू बिष्ट का यह बयान दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के कुछ हिस्सों में सिक्किम के दार्जिलिंग पहाडिय़ों के साथ विलय की मांग को लेकर उठ रही आवाजों के बीच आया है। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग पहले ही सिक्किम के दार्जिलिंग के साथ विलय की मांग का कड़ा विरोध कर चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया था कि ऐसे किसी विलय के लिए सिक्किम की एक इंच जमीन भी नहीं दी जाएगी और सिक्किम तथा दार्जिलिंग के बीच विलय की कोई संभावना नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग ने भी सिक्किम के विलय के प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा है कि सिक्किम के दार्जिलिंग में विलय का कोई सवाल ही नहीं है।

राजू बिष्ट ने नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही सिक्किम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने पूर्व प्रदेश प्रभारी डॉ. दिलीप जायसवाल के योगदान और संगठन को मजबूत आधार देने के लिए उनकी सराहना की। बिष्ट को सितंबर में सिक्किम भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया था।

उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पार्टी कार्यकर्ताओं की बात सुनना, जमीनी परिस्थितियों को समझना और सभी के साथ मिलकर एक टीम के रूप में काम करना है। उन्होंने सिक्किम को भारत का एक विशिष्ट और महत्वपूर्ण राज्य बताते हुए उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध समाज, संवेदनशील पारिस्थितिकी और विकास की संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे, पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है।

राजू बिष्ट ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर से मजबूत करना उनकी तत्काल प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके साथ ही ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से लोगों तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन सिक्किम के लोगों के हितों और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में सहायक होगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि उनके दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे। वे सिक्किम के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर स्थानीय समस्याओं और लोगों की अपेक्षाओं को समझेंगे तथा प्रदेश भाजपा नेतृत्व के साथ मिलकर काम करेंगे।

राजू बिष्ट ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी सिक्किम में संगठन को मजबूत करते हुए जनसेवा को प्राथमिकता देगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics