चुंगथांग : सिक्किम इंस्पायर्स और नॉर्थ सिक्किम इनोवेशन चैलेंज 2026 को लेकर चल रहा चार दिवसीय प्रखंड स्तरीय जागरुकता एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम गुरुवार को चुंगथांग के बीएसी में आयोजित अंतिम कार्यक्रम के साथ संपन्न हो गया।
चार दिनों के दौरान जिला आईंईएलएपी कार्यान्वयन दल की टीम ने मंगन जिले के विभिन्न प्रखंडों का दौरा कर महिलाओं, एसएचजी, बेरोजगार युवाओं और उद्यमिता के इच्छुक लोगों को सिक्किम इंस्पायर्स तथा नॉर्थ सिक्किम इनोवेशन चैलेंज 2026 के तहत उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। टीम में सहायक कार्यक्रम प्रबंधक छेवांग नरबू डेन्जोंग्पा, एपीएम टोपचेन लाचेन्पा, एपीएम पेमा छोदेन लेप्चा और एपीएम रिनजिंग डोमा भूटिया शामिल थीं।
कार्यक्रम में पंचायत अध्यक्ष डिकी लेप्चा, चुंगथांग जीपीयू की जिला पंचायत सदस्य पासंगकित लेप्चा तथा ब्लॉक स्तरीय कार्यान्वयन दल के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक स्तरीय कार्यान्वयन दल, चुंगथांग के बीपीएम के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने सिक्किम इंस्पायर्स और नॉर्थ सिक्किम इनोवेशन चैलेंज 2026 की जानकारी देते हुए उद्यमिता और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके बाद ब्लॉक स्तरीय कार्यान्वयन दल की टीम ने सिक्किम इंस्पायर्स के तहत उपलब्ध सहायता और आजीविका संबंधी अवसरों की जानकारी दी।
प्रतिभागियों को इनोवेशन चैलेंज में नवीन विचारों, उत्पादों और सेवाओं को प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, विभिन्न चरणों तथा पात्र उद्यमों के लिए उपलब्ध अनुदान और सहायता के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के अंत में समूह चर्चा हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने व्यावसायिक विचार, आवश्यकताओं और चुनौतियों को साझा किया। ब्लॉक स्तरीय कार्यान्वयन दल टीम ने उनके सवालों का समाधान करते हुए विचारों को विकसित करने और प्रस्तुत करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। चुंगथांग में अंतिम कार्यक्रम के साथ चार दिवसीय जागरूकता अभियान संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य सिक्किम इंस्पायर्स के प्रति व्यापक जागरुकता पैदा करना और नॉर्थ सिक्किम इनोवेशन चैलेंज 2026 में अधिकाधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
No Comments: