मेधावी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार : देवेंद्र महतो

रांची । जेपीएससी-जेएसएससी की भर्ती प्रक्रिया में सुधार और कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में रामगढ़ के नेमार से शुरू हुई ‘भर्ती सुधार यात्रा’ मंगलवार को चतरा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए हजारीबाग पहुंची। यात्रा के दौरान छात्रों और अभिभावकों को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों को लेकर जागरूक किया गया।

यात्रा गिद्धौर, कटकमसांडी समेत विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए देर शाम हजारीबाग के गांधी मैदान पहुंची। यहां छात्रों और अभिभावकों की बड़ी संख्या में भीड़ जुटी। इसके बाद छात्रों ने मानव श्रृंखला बनाकर गांधी मैदान से कोरा चौक तक मार्च किया।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य सरकार की छात्र विरोधी कार्यशैली और युवाओं को गुमराह करने की नीयत अब स्पष्ट हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की नियोजन व्यवस्था में गलत तरीके से बंदरबांट कर मेधावी और योग्य छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य में जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई है, जो लाजिमी है। सरकार को युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीरता दिखाते हुए पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह नियुक्ति व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

महतो ने कहा कि ‘भर्ती सुधार यात्रा’ का उद्देश्य पूरे राज्य में छात्रों और अभिभावकों को जागरूक करना तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग को मजबूती से उठाना है। यात्रा में देवेंद्र नाथ महतो के अलावा मनोज यादव, पूजा महतो, उदय मेहता, प्रेम नायक, रामावतार महतो, अयुब अली, विनय मेहता, राजेश प्रसाद समेत बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक मौजूद रहे। बुधवार को भर्ती सुधार यात्रा कोडरमा जिले में प्रवेश करेगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics