सीमाओं के भीतर हो या बाहर, हर चुनौती के लिए तैयार है भारत: पीएम मोदी

नई दिल्ली । भारत आज 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में देश में एक व्यापक और आधुनिक सिविल डिफेंस वालंटियर फोर्स तैयार की जाएगी, जो कि आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों और आपात स्थितियों से निपटने में अहम भूमिका निभाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र ने कहा, भारत को सुरक्षित बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। चाहे चुनौती हमारी सीमाओं के भीतर से आए या बाहर से, भारत हर स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है। आज युद्ध का स्वरूप बदल रहा है। अब इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि युद्ध सिर्फ सीमाओं पर ही लड़ा जाएगा। आज लाल किले की प्राचीर से मैं घोषणा करता हूं कि आने वाले दिनों में हम नागरिक सुरक्षा का एक आधुनिक और जीवंत नेटवर्क स्थापित करेंगे। हम नागरिकों को उन्नत आपातकालीन प्रणालियों और प्रोटोकॉल से परिचित कराएंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सदी की जरूरतों के हिसाब से तैयार किए गए सिविल डिफेंस सिस्टम आज के दौर में पुराने पड़ चुके हैं। उन्होंने कहा, इसलिए आने वाले दिनों में हम एक जीवंत सिविल डिफेंस नेटवर्क तैयार करेंगे। उन्होंने बताया कि बदलते सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए देश को हर मोर्चे पर मजबूत और तैयार रखने की जरूरत है।

प्रस्तावित वालंटियर फोर्स का उद्देश्य नागरिकों को उभरते सुरक्षा खतरों और आपात परिस्थितियों से बचाने की क्षमता को मजबूत करना होगा। सिविल डिफेंस के तहत सार्वजनिक चेतावनी प्रणाली, आपातकालीन संचार, लोगों की सुरक्षित निकासी, आश्रय व्यवस्था और संकट के समय राहत एवं बचाव जैसे उपाय शामिल होते हैं।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भारत को अत्याधुनिक रक्षा उत्पादन का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ भारत को दुनिया के लिए उन्नत रक्षा उपकरण बनाने वाला प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भारत की स्वदेशी एयर डिफेंस क्षमता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ‘सुदर्शन चक्र’ सिस्टम पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसका उद्देश्य भारत की वायु रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करना है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics