गंगटोक : लोकभवन, सिक्किम में भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने परिसर में स्थापित राष्ट्र पिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात राज्यपाल ने तिरंगा फहराया और लोकभवन में तैनात इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) द्वारा प्रस्तुत गार्ड ऑफ ऑनर ग्रहण किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के आयुक्त सह सचिव जितेंद्र सिंह राजे सहित लोकभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिती रही। समारोह में पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, देवराली, गंगटोक की छात्राओं ने आकर्षक पाइप बैंड प्रस्तुति दी। उनके उत्साहवर्धन हेतु राज्यपाल ने विद्यालय के बैंड को प्रोत्साहन स्वरूप सहयोग राशि भेंट की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सिक्किम राइफल एसोसिएशन की नई जर्सी का भी अनावरण किया और एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय बुराठोकी सहित गंगटोक जिले की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा त्रिखत्री एवं पूरी टोली ने महोदय से मुलाकात की।
अध्यक्ष ने माननीय राज्यपाल को संगठन की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया से संबद्ध सिक्किम राइफल एसोसिएशन के 12 खिलाड़ी 25 से 31 अगस्त 2026 तक असम में आयोजित होने वाली 13वीं उत्तर-पूर्व क्षेत्रीय शूटिंग चैम्पियनशिप में पहली बार भाग लेंगे जिसके लिए राज्यपाल ने अपनी शुभकामनाएं दीं हैं।
समारोह के उपरांत राज्यपाल ने लोकभवन के अधिकारियों, कर्मचारियों, आईटीबीपी के जवानों, सुरक्षा कर्मियों और उपस्थित जनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने बच्चों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों, को मिठाई वितरित की।
No Comments: