जंगू : भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जंगू में अनुमंडल स्तरीय समारोह देशभक्ति, गौरव और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। सोनम छोड़ा लेप्चा मेमोरियल सेकेंडरी स्कूल, लिंगदोंग में आयोजित मुख्य समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत 27 जुलाई से हुई थी, जिसका भव्य समापन 15 अगस्त को हुआ। समारोह में सिक्किम सरकार के सलाहकार सह क्षेत्रीय विधायक दिले नामग्याल बारफुंग्पा (Delay Namgyal Barfungpa) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। पुलिस विभाग, पाइप बैंड और विभिन्न परेड दलों ने समारोह में आकर्षक मार्चपास्ट और गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।
जंगू के अनुमंडल पदाधिकारी गिडियन लेप्चा ने सिक्किम के राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी महेंद्र तमांग ने मुख्यमंत्री का संदेश उपस्थित लोगों के समक्ष रखा। जंगू के विभिन्न विद्यालयों और अकादमियों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और स्थानीय लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा। समारोह समिति की ओर से मुख्य अतिथि को जंगू की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत और मूल निवासी लेप्चा परंपराओं का प्रतीक पारंपरिक स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। फुटबॉल प्रतियोगिता में पहले ग्रामीण विकास विभाग, जंगू और वन विभाग, जंगू के बीच मुकाबला हुआ। इसके बाद ही ग्याथांग और पुलिस विभाग के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल में पुलिस विभाग, मंगन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दिले नामग्याल बारफुंग्पा ने जंगूवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समारोह के सफल और बेहतर समन्वय के साथ आयोजन के लिए सभी संबंधित लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को सिक्किम और देश के निरंतर विकास एवं प्रगति में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ने सिक्किम सरकार की विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क संपर्क, बिजली और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने जंगू के दूरदराज के क्षेत्रों में भी विकास पहुंचाने के लिए सरकार और संबंधित विभागों की ओर से किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विभिन्न स्तरों पर विकास योजनाओं को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
समारोह का समापन देशभक्ति, एकता और सामूहिक संकल्प के वातावरण में हुआ। इस दौरान राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करते हुए नागरिकों, निर्वाचित प्रतिनिधियों और सरकारी विभागों की साझा जिम्मेदारी के साथ एक मजबूत, प्रगतिशील और समावेशी सिक्किम के निर्माण का संकल्प दोहराया गया। समारोह में मंगन जिला की उपाध्यक्ष सोनम किपा भूटिया, बागवानी विभाग की अध्यक्ष ओंगकित लेप्चा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के ओएसडी ताशी थेंडुप लेप्चा, भू-राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के ओएसडी उगेन लेप्चा, विभिन्न विभागों के प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
No Comments: