सोरेंग : सोरेंग जिले में मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत सुनवाई की प्रक्रिया लगातार जारी है। जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा मामलों की सुनवाई की जा रही है।
शुक्रवार को जिले में कुल 207 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें रिनचेनपोंग विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 191, दरमदिन विधानसभा क्षेत्र में 13, सोरेंग-च्याखुंग विधानसभा क्षेत्र में एक तथा सालघारी-जूम विधानसभा क्षेत्र में दो मामलों की सुनवाई हुई। इसके साथ ही सोरेंग जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक हुई सुनवाई की कुल संख्या 14,921 पहुंच गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिलाधिकारी धीरज सुबेदी मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति की नियमित निगरानी कर रहे हैं। इसके साथ ही वे निर्धारित सुनवाई अधिकारियों के कामकाज की भी समीक्षा कर रहे हैं, ताकि सभी आवेदनों का निपटारा निष्पक्ष, प्रभावी और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा सके।
बताया गया है कि रिनचेनपोंग विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी मंगलबारिया एसडीएम डीएन शर्मा हैं। उनके साथ कालुक बीडीओ दाबग्याल लामा, मंगलबारिया बीडीओ मनदीप सुब्बा और लेखा अधिकारी मीमनाम लिम्बू जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, दरमदिन विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एसडीएम मुख्यालय प्रेम सुब्बा हैं। यहां एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ अनुसुइया प्रधान, प्रकाश चंद्र सुब्बा और तारा प्रसाद शर्मा हैं।
इसी तरह, सोरेंग-च्याखुंग क्षेत्र की जिम्मेदारी सोरेंग एसडीएम साकचुम लेप्चा के पास है। उनके साथ एईआरओ और एडिशनल एईआरओ सोरेंग बीडीओ पारू हांग सुब्बा, कृषि उप निदेशक मनीष प्रधान और लेखा अधिकारी बुबिन गुरुंग हैं। जबकि सालघारी-जूम विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एडीसी सोरेंग डीआर बिष्ट हैं। यहां एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ बैगुने बीडीओ प्रमिला गुरुंग, डिप्टी डायरेक्टर सुभाष तमांग और असिस्टेंट डायरेक्टर अमीर भंडारी हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनवाई में सहयोग करने की अपील की है।
No Comments: