गंगटोक : केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने अपने सिक्किम दौरे के दौरान आज गंगटोक में विभिन्न उद्यमशील प्रतिष्ठानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय उद्यमियों, व्यवसायियों और उद्योग प्रतिनिधियों से मुलाकात कर एमएसएमई क्षेत्र की संभावनाओं और चुनौतियों पर चर्चा की।
इस दौरान, केंद्रीय राज्य मंत्री Shobha Karandlaje ने परिधान और सैलून उद्यम की संचालिका शोवा राई से मुलाकात की। राई ने मंत्री को अपनी उद्यमिता यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए एमएसएमई मंत्रालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से मिले लाभों को साझा किया। इस दौरान स्थानीय उद्यमों को विस्तार देने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और बाजार तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा हुई।
इसके बाद मंत्री ने भारतीय उद्योग परिसंघ, सिक्किम के अध्यक्ष सोनी बिरदी के प्रतिष्ठान पर भी गईं जहां सिक्किम में एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत बनाने के विषय पर विचार-विमर्श हुआ। सोनी बिरदी ने उन्हें बताया कि स्वयं सहायता समूह राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा देने और जमीनी स्तर पर स्थायी आजीविका के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उद्यमियों से बातचीत के दौरान शोभा करंदलाजे ने उन्हें व्यावहारिक और मजबूत परियोजना प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि विभिन्न एमएसएमई सहायता कार्यक्रमों के तहत उन पर विचार किया जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र में नवाचार, उद्यम विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन एमएसएमई क्षेत्र को आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनाना है। उन्होंने कौशल विकास, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बदलते बाजारों में प्रतिस्पर्धा करने के लिए उद्यमियों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन से लैस करना आवश्यक है।
इस अवसर पर मंत्री को सिक्किम के सूक्ष्म उद्यमों द्वारा तैयार उत्पाद और उपहार सामग्री भेंट की गई। उन्होंने राज्य में महिला उद्यमियों की बढ़ती भागीदारी की सराहना की और कहा कि महिलाएं आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। मंत्री ने सिक्किम में जैविक खेती की अपार संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य के जैविक और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने के लिए ब्रांडिंग, वैल्यू एडिशन और रणनीतिक मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित दिवंगत तुलाराम उप्रेती के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की और समाज के प्रति उनके योगदान को श्रद्धांजलि दी। वहीं, सिक्किम का दो दिवसीय दौरा समाप्त कर मंत्री करंदलाजे बुर्तुक हेलीपैड से नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं।
No Comments: