गंगटोक : सिक्किम डांस, ड्रामा, म्यूजिक एंड फिल्म बोर्ड की दूसरी बोर्ड बैठक सोमवार दोपहर स्थानीय मनन केंद्र स्थित अध्यक्ष कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में बोर्ड की समिति सदस्यता में सुधार और उसे अंतिम रूप देने, सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम लागू करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सिक्किम को एक प्रमुख फिल्म गंतव्य के रूप में विकसित करना था। इस दौरान राज्य में अधिक से अधिक फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने, स्थानीय कलाकारों और फिल्म क्षेत्र से जुड़े कार्यबल का व्यापक डाटाबेस तैयार करने तथा फिल्म संबंधी कार्यशालाओं के आयोजन पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही बोर्ड की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों की भूमिका और जिम्मेदारियों को भी रेखांकित किया गया।
बैठक के अंत में प्रस्तावित सिंगल विंडो सिस्टम वेबसाइट का प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें शूटिंग अनुमति के लिए ऑनलाइन आवेदन, कलाकारों का डाटाबेस, वर्चुअल रियलिटी की संभावनाएं और अन्य सुविधाओं को प्रदर्शित किया गया।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के निर्देशानुसार फिल्म फैसिलिटेशन ऑफिस को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू फिल्म निर्माताओं के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस और सुविधा तंत्र के रूप में नामित किया गया है। इसका उद्देश्य शूटिंग अनुमति प्रक्रिया को आसान बनाना और राज्य स्तरीय शूटिंग प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराकर भारत को प्रमुख फिल्म गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।
बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क सचिव अन्नपूर्णा आले, सिक्किम डांस, ड्रामा, म्यूजिक एंड फिल्म बोर्ड के अध्यक्ष ताशी छिरिंग भूटिया, आईपीआर निदेशक सुनील कुमार मोथे, अतिरिक्त निदेशक विशाल खवास, संयुक्त गृह सचिव तेंजिंग भूटिया, संयुक्त संस्कृति निदेशक कर्मा डोल्मा, संयुक्त वित्त निदेशक सुभाष सिलाल, कौशल विकास विभाग के डिप्टी कमिश्नर साइमन पॉल राई के साथ कलाकार डॉ मनोज राई, रुश्मा राई और आईपीआर अधिकारी उपस्थित रहे।
No Comments: