लाचेन की पीड़ा पर सिक्किम सरकार की बड़ी बैठक

सड़क समस्या केवल स्थानीय नहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा मुद्दा : मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग

सरकार ने तय की 15 जुलाई की डेडलाइन

गंगटोक : उत्तर सिक्किम के सीमावर्ती क्षेत्र लाचेन को राज्य के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली सड़क संपर्क समस्या को लेकर बढ़ते जनआक्रोश और विरोध प्रदर्शनों के बीच राज्य सरकार ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक कर 15 जुलाई तक अस्थायी सड़क बहाल करने का लक्ष्य तय किया है। साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है, जो तकनीकी रूप से टिकाऊ विकल्पों की सिफारिश करेगी।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की अध्यक्षता में सम्मान भवन में आयोजित बैठक में मंत्रियों, मुख्य सचिव, सीमा सड़क संगठन के प्रोजेक्ट स्वास्तिक, 27 माउंटेन डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारियों, मंगन जिला प्रशासन, चुंगथांग प्रशासन, विभागीय अधिकारियों, लाचेन जुम्‍सा के पाइपोन और स्थानीय ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।

बैठक ऐसे समय में हुई जब पिछले कुछ दिनों से लाचेन के लोगों में लगातार बढ़ती नाराजगी खुलकर सामने आने लगी थी। स्थानीय निवासियों ने हाल ही में विरोध प्रदर्शन कर सरकार और संबंधित एजेंसियों पर 2023 की विनाशकारी फ्लैश फ्लड के बाद से स्थायी समाधान नहीं निकाल पाने का आरोप लगाया था।

बैठक के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने सड़क संपर्क बाधित रहने से उत्पन्न कठिनाइयों को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि लगातार भूस्खलन और सड़क ध्वस्त होने के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पर्यटन गतिविधियां लगभग ठप पड़ चुकी हैं, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित हो रही है, मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो रहा है और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ा है।

चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने सेना और बीआरओ अधिकारियों से मरम्मत एवं अस्थायी बहाली कार्य तेज करने तथा 15 जुलाई तक सड़क को चालू करने का आग्रह किया। हालांकि स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर चिंता बनी हुई है कि क्या अस्थायी व्यवस्था मानसून के दौरान टिक पाएगी, क्योंकि 2023 की आपदा के बाद कई बार सड़क संपर्क टूट चुका है।

सरकार ने इस संकट के स्थायी समाधान के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने का भी फैसला किया है। समिति प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर तकनीकी रूप से उपयुक्त और दीर्घकालिक समाधान सुझाएगी। अधिकारियों के अनुसार भविष्य में हर मौसम में उपयोग योग्य सुरंग मार्ग के निर्माण की संभावना पर भी विचार किया जा सकता है, बशर्ते तकनीकी व्यवहार्यता इसकी अनुमति दे।

मुख्यमंत्री तमांग ने कहा कि सरकार इस मुद्दे को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजा जा चुका है और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर मामले पर विस्तृत चर्चा करने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने माना कि यह केवल स्थानीय यातायात का विषय नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा मुद्दा है। उत्तर सिक्किम का यह सीमावर्ती इलाका सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने कहा कि लाचेन की कनेक्टिविटी पर्यटन और स्थानीय लोगों के जीवन के साथ-साथ सीमा सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।

विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का मानना है कि उत्तर सिक्किम में बार-बार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं ने क्षेत्र की कमजोर आधारभूत संरचना को उजागर कर दिया है। लोगों ने सवाल उठाया कि 2023 की फ्लैश फ्लड के तुरंत बाद स्थायी समाधान को प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई, जबकि यह मार्ग रणनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

स्थानीय निवासी तामदिंग छेवांग ने सोशल मीडिया पर क्षेत्र की समस्याओं को साझा करते हुए कहा कि खराब सड़क और कमजोर संपर्क व्यवस्था के कारण घर लौटना भी जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि बीमारी की स्थिति में मरीजों को बाहर ले जाना बेहद कठिन हो जाता है। छेवांग के अनुसार पिछले तीन वर्षों से कई अभिभावक स्कूल की छुट्टियों में भी अपने बच्चों को घर लाने से बच रहे हैं क्योंकि यात्रा सुरक्षित नहीं मानी जाती। बुजुर्गों और आम लोगों को रसोई गैस, राशन और अन्य जरूरी वस्तुओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि लाचेन क्षेत्र मुख्य रूप से चुंगथांग-लाचेन सड़क मार्ग के जरिए राज्य के अन्य हिस्सों से जुड़ा हुआ है। 2023 की प्राकृतिक आपदाओं के बाद बार-बार भूस्खलन और सड़क क्षति के कारण यह मार्ग लंबे समय तक बाधित रहा है। बीआरओ और ग्रेफ द्वारा लगातार बहाली कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन कठिन हिमालयी भूभाग, संवेदनशील पर्यावरण और लॉजिस्टिक चुनौतियों के कारण कार्य में लगातार बाधाएं आ रही हैं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics