दार्जिलिंग : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व सफलता के बाद राज्य की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पहली बार राज्य में सरकार बनाने की ओर बढ़ रही भाजपा में अब मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर राजनीतिक हलकों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है।
कोलकाता से प्रकाशित विभिन्न समाचारपत्रों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दार्जिलिंग के सांसद एवं प्रमुख गोरखा नेता राजू बिष्ट का नाम पश्चिम बंगाल के संभावित उपमुख्यमंत्री के रूप में तेजी से उभर रहा है। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में उत्तर बंगाल में भाजपा की जीत के पीछे राजू बिष्ट की सक्रिय भूमिका को अहम माना जा रहा है। एक मजबूत संगठनकर्ता और रणनीतिकार के रूप में उन्होंने चुनाव अभियान में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाने वाले राजू बिष्ट को भाजपा नेतृत्व बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि राजू बिष्ट को उपमुख्यमंत्री बनाया जाता है तो यह गोरखा समुदाय के लिए एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि होगी और राज्य की राजनीति में गोरखा प्रतिनिधित्व को नई मजबूती मिलेगी। वहीं मुख्यमंत्री पद के लिए भी कई नाम चर्चा में हैं। इनमें सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। इसके अलावा सांसद शांतनु ठाकुर और भाजपा महिला मोर्चा की नेता अग्निमित्रा पाल के नाम भी संभावित मुख्यमंत्री उम्मीदवारों में शामिल हैं। यदि पार्टी नेतृत्व महिला चेहरे पर दांव खेलता है तो अग्निमित्रा पॉल के मुख्यमंत्री बनने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
हालांकि भाजपा नेतृत्व की ओर से अभी तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों और केंद्रीय नेतृत्व के अंतिम निर्णय के बाद ही मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पूरे राज्य की नजर भाजपा नेतृत्व के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है।
No Comments: