भाजपा लोकतंत्र और महिलाओं दोनों की विरोधी : अखिलेश यादव

लखनऊ । पश्चिम बंगाल के एक दिवसीय दौरे पर गए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने बंगाल में लोकतंत्र को तहस-नहस कर दिया है। ममता बनर्जी आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती है इसीलिए भाजपा की आंखों में खटकती है। तंज कसा कि भाजपा के संघी-साथी पुरुषवादी लोग हैं। ये कभी नारी को बढ़ते हुए नहीं देख सकते। ममता बनर्जी से उनके कालीघाट आवास पर मुलाकात के बाद अखिलेश ने आरोप लगाए कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जो-जो किया है, उसका ट्रायल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और उपचुनाव में किया था।

भाजपा पर महिला विरोधी आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री को महिला होने के कारण मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया। दिल्ली में आधी-अधूरी मुख्यमंत्री बनाया है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नही है और बंगाल में भाजपा ने वोटरों पर दबाव बनाया।

इस लड़ाई में ममता के साथ आने का एलान करते हुए अखिलेश ने उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में पुलिस द्वारा रिवाल्वर से महिला मतदाताओं को धमकाने वाली तस्वीर को दिखाते हुए कहा कि उपचुनाव में भाजपा ने पुलिस के जरिए चिह्नित कर सपा समर्थकों को वोट डालने से रोका था। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के भाषण और बयान नफरत से भरे हुए है। चुनाव में मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया की तरह काम हुआ है। पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसा को लेकर कहा कि भाजपा ऐसा ही काम करती है, जिससे अराजकता फैले। सवाल किया कि आखिर कम्पनियां कहां है। क्या उन्हें 15 दिन की छुट्टी दे दी गयी है।

अखिलेश यादव ने कहा है कि पीडीए समाज की एक महिला के पिता को भाजपा सरकार सिर्फ इसलिए प्रताड़ित कर रही है क्योंकि हमने बाबा साहेब जी की जयंती पर अपनी उस छोटी बहन के यहां पूड़ी खा ली थी। उन्होंने कहा कि इतनी निकृष्ट राजनीति तो उन अंग्रेजों ने भी नहीं की थी, जिनके लिए भाजपा के वजीफाजीवी वैचारिक पूर्वज संगी-साथी मुखबिरी करते थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics